हिमालय प्रहरी

हरीश रावत के हरिद्वार से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर दिनेश अग्रवाल का तंज: बोले- जनता पहले ही सुना चुकी है अपना फैसला

खबर शेयर करें -
हरिद्वार। पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत द्वारा सोशल मीडिया के जरिए हरिद्वार से आगामी चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के बाद उत्तराखंड की राजनीति गरमा गई है। इस पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री के निजी सचिव एवं पूर्व कांग्रेसी नेता दिनेश अग्रवाल ने हरीश रावत पर जोरदार सियासी कटाक्ष किया है। हरिद्वार स्थित डामकोठी में पत्रकारों से वार्ता करते हुए दिनेश अग्रवाल ने कहा कि 2009, 2014 और 2017 के चुनावों में हरीश रावत को हरिद्वार में किन विषम परिस्थितियों का सामना करना पड़ा और जनता ने उन्हें क्या जनादेश दिया, यह बात उनसे बेहतर कोई नहीं जान सकता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि किसी को राजनीति करने से मना नहीं है, लेकिन हरिद्वार की जनता अपना रुख पहले ही साफ कर चुकी है।
आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की हैट्रिक का दावा; मजबूत संगठन और नीतियों पर जताया भरोसा
दिनेश अग्रवाल ने दावा किया कि आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाकर हैट्रिक लगाने जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों और भाजपा के मजबूत धरातलीय संगठन के चलते राज्य की जनता का भरोसा लगातार सरकार के प्रति बना हुआ है। हालिया राजनीतिक सर्वे और जनमत का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश का माहौल पूरी तरह से भाजपा के पक्ष में है और चुनाव नजदीक आने पर स्थितियां और अधिक स्पष्ट हो जाएंगी।
Exit mobile version