हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी: शादी समारोह में पानी पीने पर उपजा विवाद, दो भाइयों को जातिसूचक गालियां देकर पीटा; दोनों पक्ष पहुंचे थाने

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित गोलापार इलाके के देवल मल्ला गांव में पानी पीने जैसी सामान्य बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। रविवार को एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर डांस कर रहे एक युवक द्वारा पास रखे बर्तन से पानी पी लेने पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद मामला मारपीट और जातिसूचक अपशब्दों तक पहुंच गया। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है।

जातिसूचक गालियां देने और धारदार हथियार से हमले का आरोप

पीड़ित पक्ष के अनुसार, शुभम नाम का युवक जब डांस के बीच पानी पीने लगा, तब करीब 10 लोगों ने उसे घेर लिया और जातिसूचक गालियां देते हुए हमला कर दिया। जब शुभम का भाई उमेश चंद्र टम्टा बीच-बचाव करने पहुंचा, तो हमलावरों ने उस पर भी धारदार हथियार से सिर पर वार कर दिया। इस हमले में शुभम और उमेश के साथ-साथ एक महिला भी घायल हुई है। गंभीर रूप से घायल शुभम का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उमेश ने इस मामले में काठगोदाम थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

दूसरे पक्ष ने आरोपों को बताया निराधार

दूसरी ओर, दूसरे पक्ष ने भी पुलिस में अपनी शिकायत दर्ज कराई है और जातिसूचक गालियां देने के आरोपों को पूरी तरह सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि यह एक सामान्य विवाद था, जिसे जानबूझकर जातीय रंग देने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने फिलहाल दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और घटना की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version