
देहरादून। राजधानी देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र के चलांग कुल्हन इलाके से नशे की लत का एक बेहद खौफनाक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। नशे के लिए पैसे न मिलने पर एक कलयुगी बेटे ने मामूली विवाद के चलते अपने ही 62 वर्षीय पिता की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने आए भांजे पर भी आरोपी ने हमला करने का प्रयास किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है, और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
नशे के लिए पैसे मांग रहा था आरोपी, भांजे पर भी किया था हमला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी 35 वर्षीय नितिन राणा नशे का आदी है। सोमवार शाम वह अपने भांजे ऋषभ रावत से नशे के लिए पैसे मांग रहा था। जब ऋषभ ने पैसे देने से इनकार कर दिया, तो नशे में धुत आरोपी उग्र हो गया और दरांती लेकर उसे मारने के लिए दौड़ा। ऋषभ ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
हंगामे की आवाज सुनकर जब उसके 62 वर्षीय पिता मदन राणा बीच-बचाव करने पहुंचे और बेटे को डांटकर समझाने लगे, तो आरोपी पिता पर भड़क उठा। गुस्से में अंधे हो चुके नितिन ने चाकू से अपने ही पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान होकर गिर पड़े।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम, पुलिस ने आरोपी को दबोचा
सोमवार शाम करीब 7:15 बजे आपातकालीन सेवा 112 के माध्यम से घटना की सूचना राजपुर थाना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पी.डी. भट्ट पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल मदन राणा को 108 एंबुलेंस की मदद से तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बावजूद गंभीर रूप से घायल मदन राणा ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
राजपुर थाना प्रभारी पी.डी. भट्ट ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र नितिन राणा को हिरासत में ले लिया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची एफएसएल (FSL) टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। नशे की लत के चलते हुई इस पारिवारिक हत्या की वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल है। पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।