हिमालय प्रहरी

महफिल में भड़की कहासुनी में दोस्तों ने ले ली शुभम की जान और राज छिपाने को गर्लफ्रेंड भी बनी शिकार, हल्द्वानी डबल मर्डर का पुलिस ने किया सनसनी खेज खुलासा

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, हल्द्वानी।गल्ला मंडी की एक गोदाम छत पर सजी शराब की महफिल देखते ही देखते खून की कहानी बन गई। दोस्तों के बीच शुरू हुई मामूली कहासुनी ने ऐसा हिंसक रूप लिया कि शुभम टम्टा की जान ले ली गई। इतना ही नहीं, घटना का राज खुलने के डर से उसकी गर्लफ्रेंड लक्ष्मी पोखरिया को भी बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। पुलिस ने गैंगस्टर अपराधी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा कर दिया है।

दोस्ती का बुलावा, मौत का जाल

मंडी पुलिस चौकी क्षेत्र स्थित गल्ला मंडी के एक गोदाम की छत पर बुधवार देर रात गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर, दीपेश लटवाल, दीपू शर्मा उर्फ ध्रुप और सौरभ भट्ट उर्फ बटिया शराब पार्टी कर रहे थे।
दीपेश ने फोन कर शुभम को भी पार्टी में बुलाया। शुभम अपनी महिला मित्र लक्ष्मी के साथ वहां पहुंचा। किसी को अंदेशा नहीं था कि यह बुलावा उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन जाएगा।

दिवंगत पिता पर टिप्पणी से भड़का विवाद

पार्टी के दौरान दीपेश लटवाल ने शुभम के दिवंगत पिता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। इस पर दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि गुस्से में दीपेश ने शुभम के ऊपर शराब का कुल्ला कर दिया। माहौल और बिगड़ा तो गौरव नेगी ने थप्पड़ मार दिया।देखते ही देखते चारों युवक हमलावर हो गए

पहले छत से फेंका, फिर पत्थरों से कुचला

आरोप है कि चारों ने मिलकर शुभम को गोदाम की छत से नीचे फेंक दिया। लक्ष्मी ने बचाने की कोशिश की तो उसे भी नहीं बख्शा गया। दोनों के सिर पर बड़े पत्थरों से वार कर उनकी हत्या कर दी गई, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।

गैंगस्टर समेत चार गिरफ्तार

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने बताया कि मुख्य आरोपी गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर के खिलाफ पहले से 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने महज छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
गौरव नेगी उर्फ अक्कू ठाकुर
दीपेश लटवाल
दीपू शर्मा उर्फ ध्रुप
सौरभ भट्ट उर्फ बटिया

SSP का सख्त संदेश

एसएसपी ने कहा कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस साक्ष्यों को मजबूत कर सख्त सजा सुनिश्चित करने की दिशा में काम कर रही है।
गल्ला मंडी की यह वारदात सिर्फ एक आपसी झगड़ा नहीं, बल्कि अपराधी मानसिकता का भयावह चेहरा है। एक पल का गुस्सा और अपमान दो परिवारों के लिए जिंदगी भर का मातम बन गया। अब पूरे शहर की नजर न्याय पर टिकी है।

Exit mobile version