हिमालय प्रहरी

बुजुर्ग महिला हत्याकांड का पर्दाफाश: कलयुगी बेटी ने प्रेमी संग मिलकर रची थी सगी मां की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार

खबर शेयर करें -
रायवाला (देहरादून)। रायवाला थाना क्षेत्र की शहीद भगत सिंह कॉलोनी में बीते 21 सितंबर को हुई 65 वर्षीय खजानी देवी की अंधी हत्या का पुलिस ने शनिवार (26 सितंबर) को चौंकाने वाला खुलासा कर दिया है। वारदात की मुख्य सूत्रधार कोई और नहीं, बल्कि मृतका की अपनी बेटी शिल्पा थापा ही निकली। शिल्पा ने पुश्तैनी संपत्ति में हिस्सा न मिलने की रंजिश और अपने कर्जदार प्रेमी शिवनारायण पांडे उर्फ सोनू के साथ मिलकर सगी मां को रास्ते से हटाने का खौफनाक षड्यंत्र रचा था। संयुक्त पुलिस और एसओजी टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
700 सीसीटीवी कैमरों और 500 होटलों की खंगाल के बाद शांतिकुंज आश्रम से पकड़ा गया आरोपी प्रेमी
एसपी देहात जया बालूनी ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना वाले दिन खजानी देवी की लाश उनके किराए के मकान के बाथरूम में मिली थी, जिसके बाहर से ताला लगा हुआ था। विवेचना के दौरान पुलिस की 6 टीमों ने 700 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 500 होटल-धर्मशालाओं की पड़ताल की। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर को आरोपी प्रेमी शिवनारायण को हरिद्वार के शांतिकुंज आश्रम से गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर साजिशकर्ता बेटी शिल्पा थापा को भी मोतीचूर क्षेत्र से दबोच लिया गया।
सगी मां को बताया सौतेली, 10 लाख के कर्जदार प्रेमी को संपत्ति का लालच दे कराया मर्डर
पूछताछ में सामने आया कि शिल्पा ने प्रेमी शिवनारायण (जिस पर व्यापार में घाटे के चलते ₹10 लाख का कर्ज था) को गुमराह कर अपनी मां को ‘सौतेली’ बताया था और मां की मौत के बाद संपत्ति बेचकर नया जीवन शुरू करने का लालच दिया था। 21 सितंबर को जब खजानी देवी घर पर अकेली थीं, तब योजनाबद्ध तरीके से शिवनारायण घर में घुसा और गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी तथा बाहर से ताला लगाकर फरार हो गया। आरोपी शिवनारायण का पूर्व में दिल्ली में भी आपराधिक रिकॉर्ड दर्ज है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
Exit mobile version