
हल्द्वानी। नवाबी रोड के महेशनगर में एक बेहद भावुक करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक वृद्ध दंपत्ति ने कुछ ही घंटों के अंतराल में इस दुनिया को अलविदा कह दिया। शनिवार देर शाम राजपुरा श्मशान घाट पर दोनों का एक साथ पूरे रीति-रिवाज के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
जानकारी के मुताबिक, महेशनगर निवासी 85 वर्षीय हरिशंकर अग्रवाल लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार को अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और देर शाम उनका निधन हो गया। पति की मौत के सदमे को उनकी 80 वर्षीय पत्नी कुसुम अग्रवाल बर्दाश्त नहीं कर सकीं। शनिवार को जब घर में पति के अंतिम संस्कार की तैयारियाँ चल रही थीं, इसी बीच कुसुम अग्रवाल ने भी संदिग्ध हालात में दम तोड़ दिया। इस दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।