
हल्द्वानी। बनभूलपुरा थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर छह, लाल मस्जिद के समीप सोमवार रात एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। घर की छत पर एयर कंडीशनर (AC) का आउटडोर ठीक करते समय पिता करंट की चपेट में आ गए। उन्हें तड़पता देख 12 वर्षीय बेटी बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन वह भी बिजली के तेज प्रवाह की चपेट में आ गई। आनन-फानन में परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोनों को डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल (STH) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बचाने के चक्कर में पिता संग बेटी भी हुई हादसे का शिकार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार गैराज में काम करने वाले 45 वर्षीय नदीम सोमवार रात करीब 8:30 बजे घर की छत पर लगे एसी के आउटडोर को ठीक करने गए थे। माना जा रहा है कि काम के दौरान अचानक पास में स्थित बिजली के पोल से लीकेज या डायरेक्ट संपर्क के कारण उन्हें भीषण करंट लग गया। नदीम की चीख-पुकार सुनकर उनकी 12 वर्षीय मासूम बेटी अलिज्बा बिना अपनी परवाह किए पिता को छुड़ाने दौड़ी, लेकिन जैसे ही उसने हाथ लगाया, वह भी करंट की चपेट में आ गई। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तुरंत बिजली की सप्लाई कटवाई और दोनों को अस्पताल ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचे विधायक सुमित हृदयेश, आज होगा पोस्टमार्टम
हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों के साथ ही क्षेत्रीय विधायक सुमित हृदयेश समेत तमाम जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया। बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया है। दोनों शवों को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद वैधानिक कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों के सुपुर्द किए जाएंगे।