हिमालय प्रहरी

लालकुआं: डंपर की टक्कर से महिला समाजसेवी गीता जोशी गंभीर रूप से घायल; हल्द्वानी एसटीएच रेफर

खबर शेयर करें -

लालकुआं: मोटाहल्दू बाजार में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें क्षेत्र की जानी-मानी समाज सेविका गीता जोशी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हाईवे पार करते समय एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय व्यापारियों और व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुँचाया गया।

हायर सेंटर रेफर, हालत गंभीर

दुर्घटना के तुरंत बाद गीता जोशी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोटाहल्दू ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। वर्तमान में उन्हें हल्द्वानी के एसटीएच (STH) चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका उपचार चल रहा है।

पर्वतीय उत्पादों के संवर्धन में रही हैं अग्रणी

श्रीमती गीता जोशी लंबे समय से उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों की जड़ी-बूटियों, फल और सब्जियों के संरक्षण व संवर्धन के लिए कार्य कर रही हैं। मोटाहल्दू में उनका अपना एक प्रतिष्ठान है, जिसके माध्यम से वे पहाड़ी व्यंजनों और जड़ी-बूटियों का व्यापक प्रचार-प्रसार करती हैं। वे ग्राम प्रधान विपिन जोशी की बहू हैं और पिछले वर्ष ही उनके पति गिरीश चंद्र जोशी का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। इस हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र के लोगों और व्यापारियों में चिंता की लहर है।

Exit mobile version