हल्द्वानी (नैनीताल)। नैनीताल जिले के मुखानी थाना क्षेत्र स्थित क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (RTO) हल्द्वानी से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंगलवार को आरटीओ दफ्तर परिसर में दो कर्मचारियों के बीच हुए आपसी विवाद के दौरान अचानक एक कर्मचारी ने गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को न लगकर कार्यालय में रखी एक अलमारी में जा घुसी, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना के बाद आरोपी कर्मचारी मौके से फरार हो गया।
आपसी विवाद में अचानक चली गोली, मची अफरा-तफरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुखानी थाना क्षेत्र स्थित आरटीओ दफ्तर में मंगलवार को दो कर्मचारियों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक कर्मचारी ने पिस्टल निकालकर कथित तौर पर फायरिंग कर दी। अचानक हुए धमाके से आरटीओ दफ्तर में हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई। जब तक वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते, आरोपी कर्मचारी मौका पाकर वहां से रफूचक्कर हो गया।
पुलिस और आरटीओ अधिकारी पहुंचे मौके पर, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही मुखानी थाने की पुलिस टीम और आरटीओ गुरदेव सिंह तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अलमारी में फंसी गोली व साक्ष्यों को एकत्रित किया। पुलिस की ओर से दफ्तर में मौजूद अन्य कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, आरोपी की तलाश जारी
पुलिस आरटीओ परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि पूरी घटना के कारणों और आरोपी कर्मचारी की गतिविधियों की जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला कर्मचारियों की आपसी रंजिश का लग रहा है। फिलहाल फरार आरोपी कर्मचारी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। गहन जांच के बाद ही फायरिंग के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।