हिमालय प्रहरी

‘स्कूल ठीक करो अभियान’: सीजेपी ने 826 प्राथमिक स्कूल बंद होने पर सरकार से मांगा जवाब, 10 दिन का अल्टीमेटम

खबर शेयर करें -
देहरादून। ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के तहत कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने उत्तराखंड के 826 प्राथमिक सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने और राज्य की चरमराती शिक्षा व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर कड़ा प्रहार किया है। रविवार को देहरादून में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के नॉर्थ जोन संयोजक श्रेष्ठ सिंह खेड़ा ने सरकार से बंद हुए 826 स्कूलों पर पूरी विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। सीजेपी ने सरकार को 10 दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समयसीमा के भीतर ठोस शिक्षा रोडमैप और स्पष्टीकरण जारी नहीं किया गया, तो 2 अक्टूबर के बाद देहरादून में दिल्ली की तर्ज पर शांतिपूर्ण प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू किया जाएगा और शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग की जाएगी।
270 स्कूलों में पीने का पानी तक नहीं, बुनियादी सुविधाओं और शिक्षक भर्ती पर उठाए सवाल
सीजेपी के नॉर्थ जोन कोऑर्डिनेटर श्रेष्ठ सिंह ने सरकारी व निजी स्कूलों की सुविधाओं में बढ़ते अंतर और पहाड़ी जिलों के दुर्गम क्षेत्रों में शिक्षकों की भारी कमी पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के 270 स्कूलों में पीने के पानी जैसी बुनियादी सुविधा तक मयस्सर नहीं है। पार्टी ने मांग रखी है कि सरकार जिलावार शिक्षक भर्ती, पेयजल, शौचालय, सुरक्षित भवन और बिजली आपूर्ति की डेडलाइन तय करने के साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं के लिए सुरक्षित स्कूल बस व मिनी बस जैसी बेसिक ट्रांसपोर्ट सुविधा सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि 10 दिन में पारदर्शी जवाब न मिलने की सूरत में पार्टी पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शन करेगी।
Exit mobile version