हिमालय प्रहरी

पूर्व सीएम हरीश रावत का फिर सोशल मीडिया पोस्ट, बोले— “मां की सौगंध, नौकरी या राजनीतिक पद के बदले कभी पैसा नहीं लिया”

खबर शेयर करें -
देहरादून। अपने पूर्व पीएस चंदन जीना के घर ईडी (ED) की कार्रवाई के बाद से आहत उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर एक और भावुक पोस्ट लिखकर प्रदेश की राजनीति में सनसनी मचा दी है। अपनी पोस्ट में पूर्व सीएम ने लिखा— “मां की सौगंध… सच के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करूंगा, कलंक का जवाब सच और संघर्ष से दूंगा।” उन्होंने लिखा कि उम्र के इस पड़ाव पर उन्हें बदनाम करने और उन पर झूठे आरोप लगाने का सुनियोजित षड्यंत्र रचा जा रहा है। रावत ने कहा कि उन्होंने अपने पूरे जीवन में किसी को नौकरी देने या कोई राजनीतिक पद दिलाने के बदले कभी एक पैसा तक नहीं लिया, किसी से चाय-पानी तक नहीं पिया।
2017 व 2022 में भी गढ़े गए झूठे आरोप, पूर्व पीएस की संपत्ति सीज होने पर जताई चिंता
हरीश रावत ने अपनी पोस्ट में कहा कि वर्ष 2017 और 2022 के चुनावों में भी उनके खिलाफ इसी तरह के झूठ गढ़े गए थे, जिनका कोई साक्ष्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वे इस कलंक के साथ मरना नहीं चाहते और जब तक सच सामने नहीं आ जाता, तब तक संघर्ष करते रहेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अपने पूर्व पीएस चंदन जीना का जिक्र करते हुए चिंता जताई कि वर्षों तक सेवा करने वाले व्यक्ति की जीवनभर की कमाई सीज कर दी गई है, जिससे उसके बच्चों की आजीविका पर संकट आ खड़ा हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य और शरीर भले ही साथ न दे, लेकिन वे अपनी सफाई और बात जनता के बीच रखने के लिए संघर्ष के पथ पर डटे रहेंगे।
Exit mobile version