हिमालय प्रहरी

गदरपुर का ‘ग़दर’ अब पहुँचा काशीपुर तक ! महापौर बाली के बाद गगन कंबोज का प्रेस कॉन्फ्रेंस ऐलान —कौन धृतराष्ट्र, कौन पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा, काशीपुर।गदरपुर से उठा सियासी तूफ़ान अब काशीपुर पहुंचकर पूरी तरह उफान पर है। अतिक्रमण के एक मामले में विधायक अरविंद पांडे को नोटिस मिलने के बाद भाजपा के भीतर शुरू हुई उथल-पुथल अब सोशल मीडिया के रणक्षेत्र में उतर चुकी है।
बीते दिनों विधायक अरविंद पांडे के आवास पर जुटी समर्थकों की भारी भीड़ ने साफ कर दिया कि यह लड़ाई अब सिर्फ़ नोटिस तक सीमित नहीं रही। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और सांसद अनिल बलूनी की मौजूदगी को लेकर चर्चाएं रहीं, हालांकि उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद कार्यक्रम ने पार्टी के भीतर शक्ति प्रदर्शन का संकेत दे दिया।
इसी बीच हिंदूवादी नेता गगन कंबोज का सियासी स्टैंड चर्चा का केंद्र बन गया है। काशीपुर के महापौर दीपक बाली के करीबी माने जाने वाले गगन कंबोज अब विधायक अरविंद पांडे के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े नज़र आ रहे हैं। लेकिन असली सियासी संदेश उनके सोशल मीडिया बैनर से सामने आया है।
गगन कंबोज द्वारा जारी किए गए बैनर में बिना किसी का नाम लिए यह साफ़ इशारा किया गया है कि
— कौन पार्टी के भीतर “धृतराष्ट्र” की भूमिका निभा रहा है,
— और कौन ज़मीन पर उतरकर पार्टी के लिए सच्चे कार्यकर्ता की तरह संघर्ष कर रहा है।
राजनीतिक हलकों में इस बैनर को भाजपा के भीतर मौन नेतृत्व पर सीधा प्रहार माना जा रहा है। संदेश साफ़ है—जो सब कुछ देखते हुए भी चुप हैं, वे धृतराष्ट्र हैं; और जो जोखिम उठाकर मैदान में हैं, वही पार्टी के असली सिपाही।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच रुद्रपुर के मेयर विकास शर्मा, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, काशीपुर के महापौर दीपक बाली और पूर्व जिला अध्यक्ष गुंजन सुखीजा पहले ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के खिलाफ षड्यंत्र की बात कहकर आक्रामक रुख अपना चुके हैं। वहीं गगन कंबोज का बदला हुआ रुख़ भाजपा की अंदरूनी राजनीति में नई दरार को उजागर कर रहा है।
कुल मिलाकर, 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा की गुटबाज़ी अब बंद कमरों से निकलकर सड़कों और सोशल मीडिया तक आ चुकी है। जिसकी तपिश देहरादून से दिल्ली तक दिखाई दे रही है।
अब निगाहें गगन कंबोज की प्रस्तावित प्रेस वार्ता पर टिकी हैं, जहां यह तय हो सकता है कि भाजपा के भीतर
धृतराष्ट्र कौन है और पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता कौन।

Exit mobile version