राजू अनेजा,काशीपुर। भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता लेने का दावा करने वाले श्री गगन काम्बोज इन दिनों खुद ही सवालों के घेरे में आ गए हैं। पार्टी में शामिल होने से पहले ही उनके सोशल मीडिया गतिविधियों ने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
दरअसल, गगन काम्बोज ने पूर्व में अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भाजपा की सदस्यता लेने का उल्लेख किया था, जिसके बाद प्रदेश नेतृत्व स्तर पर उनके नाम पर विचार शुरू हुआ। लेकिन इसी बीच उनके अकाउंट से कांग्रेस के एक युवा जिलाध्यक्ष को शुभकामनाएं देने वाली पोस्ट सामने आई, जिसने पूरे मामले को विवादों में डाल दिया।
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों की मानें तो एक तरफ पार्टी जहां उनकी सदस्यता पर विचार कर रही है, वहीं दूसरी तरफ इस तरह की सार्वजनिक कांग्रेस समर्थक गतिविधियों से कार्यकर्ताओं में नाराजगी बढ़ गई है। कई कार्यकर्ताओं ने इसे “दोहरी राजनीति” बताते हुए सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूत्र बताते हैं कि पार्टी संगठन ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए गगन काम्बोज से उनकी स्थिति स्पष्ट करने को कहा है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता आखिर किस ओर है।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि चुनावी माहौल से पहले इस तरह के मामलों में पार्टी बेहद सतर्क रहती है और किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाता।
अब देखने वाली बात यह होगी कि गगन काम्बोज इस पूरे विवाद पर क्या सफाई देते हैं और क्या भाजपा उन्हें अपने साथ जोड़ने का फैसला करती है या नहीं। फिलहाल, काशीपुर की सियासत में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है।