
23वें स्थापना दिवस पर हुआ संकल्प यज्ञ, राष्ट्र निर्माण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लिया संकल्प
राजू अनेजा,काशीपुर। श्रीराम इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (SIMT) ने बुधवार को अपना 23वां स्थापना दिवस उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में ‘सर्वजन कल्याण एवं राष्ट्र की समृद्धि’ के लिए पारंपरिक संकल्प यज्ञ आयोजित किया गया। यज्ञ में संस्थान परिवार ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए नए युग के निर्माण का संकल्प लिया।
23 साल में हजारों विद्यार्थियों को दी नई पहचान
संस्थान के अध्यक्ष रविंद्र कुमार ने कहा कि वर्ष 2003 में क्षेत्र में व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा की जरूरत को देखते हुए संस्थान की नींव रखी गई थी। एक जुलाई 2004 को संस्थान का शुभारंभ हुआ और आज 23 वर्षों की यात्रा पूरी करते हुए यह संस्थान शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना चुका है। उन्होंने कहा कि यहां से शिक्षा प्राप्त कर हजारों छात्र-छात्राएं देश-विदेश की प्रतिष्ठित संस्थाओं, उद्योगों और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर संस्थान और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
AI और नवाचार आधारित शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
संस्थान के निदेशक प्रो. (डॉ.) योगराज सिंह ने कहा कि बदलते दौर में केवल डिग्री देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को नवाचार, नेतृत्व क्षमता और तकनीकी दक्षता से भी लैस करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संस्थान राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित शिक्षण और उद्योगोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देकर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार कर रहा है।
शिक्षकों और कर्मचारियों से राष्ट्र निर्माण में भागीदारी का आह्वान
कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारियों ने शिक्षकों और कर्मचारियों से शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। स्थापना दिवस समारोह में कोषाध्यक्ष कमलेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष अभिनव अग्रवाल, सचिव अर्पित अग्रवाल, प्राचार्य डॉ. एस.एस. कुशवाहा, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें