
बिंदुखत्ता। स्थानीय इंद्रानगर स्थित प्रसिद्ध महाबिंदेश्वर मंदिर में भव्य बालाजी दिव्य दरबार का आयोजन बेहद श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ किया गया। गुरु नवीन टाकुली जी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं ने शिरकत कर पुण्य लाभ कमाया। इस दौरान पूरा मंदिर परिसर बजरंग बली के जयकारों और भक्तिमय भजनों से गुंजायमान रहा। दरबार में भक्ति, विश्वास और आध्यात्मिक ऊर्जा का एक अनूठा संगम देखने को मिला, जहाँ हर क्षेत्र से आए भक्तों ने मां अंजनी के दुलारे श्री हनुमान के बालरूप के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया। इस विशेष अवसर पर महादेव शिव के मंदिर में सजी बजरंग बली की ‘बोलती झांकी’ ने सभी को भावविभोर और पुलकित कर दिया।
दरबार को संबोधित करते हुए नवीन गुरु ने संकट हरण हनुमान जी के महिमा की विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बालाजी सरकार की कृपा से जीवन के सारे दुखों का नाश होता है और प्रेत बाधाओं से भी मुक्ति मिलती है। उन्होंने भक्तों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि यदि किसी की मनोकामना पूर्ण न हो रही हो, तो वे एक बार सच्चे मन से बालाजी सरकार के समक्ष मन्नत मांगें, उनका जीवन कृतार्थ हो जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने समाज को सच्ची श्रद्धा, भक्ति, सेवा और सद्कर्मों के रास्ते पर चलने की सीख दी और मानव सेवा व परोपकार जैसे धार्मिक मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
मंदिर समिति के सदस्यों और प्रमुख आयोजक चेतन पांडे ने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अध्यात्म, सेवा और समाज कल्याण का अनूठा संगम है, जिससे समाज में सुख, शांति और आध्यात्मिक चेतना का संचार होता है।
इस अलौकिक आयोजन में क्षेत्र की कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक हस्तियों ने भी शिरकत की। आगामी चुनावों की व्यस्तता और शहर के शोर-शराबे से समय निकालकर भाजपा के वरिष्ठ नेता कमलेश चंदोला भी बालाजी महाराज के दरबार में पहुंचे, जहाँ उन्होंने शीश नवाकर क्षेत्र की सुख, समृद्धि और शांति की कामना की। मंदिर कमेटी द्वारा पारंपरिक और भव्य तरीके से किए गए स्वागत पर उन्होंने खुशी जताई और मंदिर की उत्तम व्यवस्थाओं व स्वादिष्ट प्रसाद की सराहना की। इस मौके पर वरिष्ठ कांग्रेसी नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज बसनायत, समाजसेवी गोकुल आनंद उपाध्याय और अध्यक्ष शेर सिंह दानू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं को पारंपरिक रूप से महाप्रसाद वितरित किया गया।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें