हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड उत्थान यात्रा का 11 अक्टूबर से भव्य आगाज़: कुमाऊं में 8 दिवसीय जन-संपर्क अभियान की तैयारी, लालकुआं में बैठक

खबर शेयर करें -
हल्द्वानी/लालकुआं। उत्तराखंड के विकास, जन-सरोकारों और क्षेत्रीय अस्मिता की आवाज़ को बुलंद करने के उद्देश्य से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) आगामी 11 अक्टूबर 2026 से अपनी महत्वाकांक्षी ‘उत्तराखंड उत्थान यात्रा’ का विधिवत आगाज़ करने जा रहा है। आठ दिनों तक चलने वाले इस व्यापक राजनैतिक व सामाजिक अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर को सुबह 08:00 बजे कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी से एक भव्य फ्लैग-ऑफ (हरी झंडी) और विशाल जनसभा के साथ होगी। यात्रा को लेकर यूकेडी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है।

लालकुआं में समीक्षा बैठक: रूट मैनेजमेंट और तैयारियों को दिया अंतिम रूप

यात्रा के भव्य शुभारंभ और कुशल संचालन को लेकर गुरुवार को लालकुआं विधानसभा कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में यात्रा की सफलता, मार्ग प्रबंधन (Route Management) और जनसंपर्क की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कुमाऊं मंडल के सह-प्रभारी राजीव लोचन, केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट ‘भुवन पहाड़ी’, विधानसभा अध्यक्ष दीपेश बिष्ट, रविंद्र सिंह नेगी, तनुज पाठक और महामंत्री प्रमोद सती विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से यात्रा को ऐतिहासिक बनाने और कुमाऊं के कोने-कोने तक क्षेत्रीय अधिकारों का संदेश पहुंचाने का संकल्प लिया।

8 दिनों में कुमाऊं के सभी जनपदों को नापेगी यात्रा; जनता से होगा सीधा संवाद

प्रस्तावित यात्रा कार्यक्रम के अनुसार, यूकेडी के शीर्ष व वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में यह यात्रा हल्द्वानी से रवाना होकर कुमाऊं मंडल के सभी प्रमुख जनपदों—अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत और ऊधमसिंह नगर से होकर गुजरेगी। यात्रा की प्रमुख विशेषताओं में शामिल हैं:
  • सघन जन-संपर्क: 8 दिनों के दौरान जगह-जगह जनसभाएं, नुक्कड़ सभाएं और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
  • क्षेत्रीय मुद्दों पर फोकस: युवाओं के रोजगार, पहाड़ों से पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, जल-जंगल-जमीन पर स्थानीय लोगों के अधिकार और भू-कानून जैसे बुनियादी मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
  • सांस्कृतिक और जन चेतना: यात्रा के माध्यम से प्रवासियों, महिलाओं, किसानों और युवाओं को एक राजनीतिक मंच पर लाने का प्रयास होगा।

भुवन पहाड़ी का तीखा हमला: ‘दिल्ली-देहरादून की पार्टियां पहाड़ के दर्द को समझने में नाकाम’

बैठक के दौरान यूकेडी के केंद्रीय संगठन मंत्री भुवन सिंह बिष्ट उर्फ ‘भुवन पहाड़ी’ ने राष्ट्रीय दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, “उत्तराखंड उत्थान यात्रा महज एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पहाड़ों के दर्द, पलायन, बेरोजगारी और हमारी क्षेत्रीय पहचान की रक्षा का महा-अभियान है। दिल्ली और देहरादून से संचालित होने वाले राष्ट्रीय दल देवभूमि की मूल भावनाओं और जन-आकांक्षाओं को समझने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।”
उन्होंने लालकुआं और कुमाऊं की जनता से आह्वान करते हुए कहा कि, “मैं समस्त माताओं, बहनों, बुजुर्गों और ऊर्जावान युवाओं से अपील करता हूं कि उत्तराखंड के सुनहरे भविष्य और अधिकारों की इस लड़ाई में क्षेत्रीय ताकतों का साथ दें। 11 अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे  हल्द्वानी से शुरू होके लालकुआं  पहुंचने पर आयोजित होने वाले शंखनाद कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर यूकेडी को मजबूती प्रदान करें।”
Exit mobile version