
हल्द्वानी (नैनीताल)। घर में खराब गीजर की मरम्मत करने के लिए बुलाए गए इलेक्ट्रीशियन के मददगार द्वारा ही चोरी की वारदात को अंजाम देने का मामला सामने आया है। आरोपित ने पहले गीजर ठीक करने के बहाने घर की रेकी की और अगले दिन बुजुर्ग महिला को घर में अकेला पाकर कमरे की अलमारी में रखे सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। गुरुनानकपुरा क्षेत्र में हुई इस घटना के संबंध में पीड़ित की तहरीर पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपित आसिफ के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गीजर चेक करने के बहाने दो बार अकेले आया आरोपित, परिवार के शादी में जाने का उठाया फायदा
गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 15 नवंबर को घर का गीजर खराब होने पर उन्होंने फरमान नामक इलेक्ट्रीशियन को फोन कर बुलाया था। उस दिन फरमान अपने साथ आसिफ नाम के युवक को लेकर घर पहुंचा था और दोनों ने गीजर ठीक कर दिया। इसके अगले दिन आसिफ अकेले ही उनके घर पहुंचा और गीजर दोबारा चेक करने की बात कही, उस समय घर में उनकी बुजुर्ग मां अकेली थीं।
पीड़ित के अनुसार, इसके बाद आसिफ एक बार फिर घर आया और गीजर ठीक करने का बहाना बनाकर करीब आधे घंटे तक घर के भीतर रुका रहा। इस दौरान अतुल नागपाल और उनकी पत्नी एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए बाहर गए हुए थे।
अलमारी से गहने गायब देख उड़े होश, पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी
शादी समारोह से घर लौटने के बाद 23 नवंबर की सुबह जब परिजनों ने कमरे की अलमारी संभाली, तो उसमें रखे सोने के आभूषण गायब देख उनके होश उड़ गए। परिजनों ने अपने स्तर पर घर में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाई, तो उन्हें आसिफ की संदिग्ध गतिविधियों पर चोरी का पुख्ता शक हुआ।
इसके उपरांत पीड़ित अतुल नागपाल ने भोटिया पड़ाव पुलिस चौकी पहुंचकर पूरे मामले की लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने आरोपित आसिफ के खिलाफ चोरी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपित की धरपकड़ और चोरी गए सोने के गहनों की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें