
हल्द्वानी : बुधवार रात बड़ा हादसा हो गया। चाय की दुकान में आधी रात आग लग गई और घरेलू गैस सिलेंडर फट गया। इस भयावह घटना में दुकान के अंदर फंसे मानसिक बीमार युवक की मौत हो गई। जब उसे दुकान से बाहर निकाला गया तो वह लगभग पूरी तरह जल चुका था।
मूलरूप से रायपुर नगीना बिजनौर उत्तर प्रदेश निवासी नरेश कुमार हिम्मतपुर मल्ला भगवानपुर मुखानी में चाय की दुकान चलाते हैं। यहां उन्होंने धर्मेंद्र कुमार से दो दुकानें किराए पर ली हैं, जिसके एक हिस्से में दुकान और दूसरे हिस्से में मानसिक बीमार बेटा गौरव (21 वर्ष) रहता है। बताया जाता है कि बुधवार की रात काम खत्म होने के बाद नरेश दुकान में और गौरव दुकान से लगे दूसरे हिस्से में सो गया।
रात करीब 12 बजे अचानक दूसरे हिस्से वाली दुकान में आग लग गई। गौरव आग की लपटों से घिर चुका था और नरेश ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई।
आनन-फानन में लोगों ने इसकी सूचना पुलिस और दमकल को दी। साथ ही आग बुझाने की कोशिश में जुट गए। कुछ ही देर में दमकल मौके पर पहुंच गई। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, लेकिन तब तक दुकान के दोनों हिस्से जल कर राख हो चुके थे। गौरव को भी जब पुलिस और दमकल कर्मियों ने बाहर निकाला तो वह भी लगभग पूरी तरह जल चुका था।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें