हिमालय प्रहरी

कोलकाता में चमके हल्द्वानी के शटलर सार्थक जोशी, ऑल इंडिया अंडर-13 बैडमिंटन में जीता एकल और युगल का खिताब

खबर शेयर करें -
लालकुआं/हल्द्वानी। तल्ली हल्द्वानी निवासी उदीयमान बैडमिंटन खिलाड़ी सार्थक जोशी ने कोलकाता में आयोजित योनेक्स-सनराइज ऑल इंडिया सब जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन टूर्नामेंट-2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए अंडर-13 बालक एकल और युगल दोनों वर्गों में दोहरे खिताब अपने नाम किए हैं। पश्चिम बंगाल बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा ‘बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया’ के तत्वावधान में 11 से 16 सितंबर तक हरिनावी स्थित स्टार बैडमिंटन अकादमी में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। सार्थक ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता के दोनों प्रमुख वर्गों में पहला स्थान हासिल कर क्षेत्र व राज्य का नाम रोशन किया।
आंध्र प्रदेश के रेहान के साथ मिलकर जीता युगल वर्ग का फाइनल, क्षेत्रवासियों ने दी बधाई
एकल वर्ग में परचम लहराने के साथ ही सार्थक ने बालक युगल वर्ग में आंध्र प्रदेश के खिलाड़ी रेहान दुदेकुला के साथ जोड़ी बनाकर खेल के मैदान में दबदबा बनाया और खिताब पर कब्जा जमाया। तल्ली हल्द्वानी निवासी दिनेश चंद्र जोशी के प्रतिभावान पुत्र सार्थक की इस राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धि पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों और गणमान्य लोगों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Exit mobile version