हल्द्वानी: 19 अप्रैल को उत्तराखंड बोर्ड के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के नतीजे घोषित किए गए. बोर्ड परीक्षा में कई छात्रों ने अच्छे अंक लाकर परीक्षा उत्तीर्ण की. जबकि कई छात्रों को निराशा भी हाथ लगी. इन्हीं में से एक दसवीं की छात्रा बोर्ड परीक्षा में फेल होने के बाद घर से लापता हो गई है. छात्रा के घर से लापता होने के बाद से परिवार परेशान है. परिजनों ने अनहोनी की आशंका को देखते हुए पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई है.
नैनीताल जिले की हल्द्वानी कोतवाली पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के हीरानगर निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी 16 साल की बेटी ने उत्तराखंड बोर्ड से हाईस्कूल की परीक्षा दी थी. शनिवार को परीक्षा परिणाम जारी हुए तो उनकी बेटी पास नहीं हो सकी. उन्होंने फेल होने पर बेटी को डांट फटकार लगाई तो वह नाराज हो गई. तहरीर के अनुसार छात्रा 19 अप्रैल की शाम मुखानी में रहने वाली सहेली के घर जाने की बात कहकर घर से निकली थी. लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटी. परिवार वालों ने छात्रा को कई जगह पर तलाश की. लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला. रिश्तेदारों में भी उसकी ढूंढ खोज की. लेकिन कोई अता पता नहीं चला.
हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी राजेश यादव ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज करने के बाद छात्रा की तलाश शुरू कर दी है. छात्रा अपने साथ फोन भी ले गई है. शीघ्र छात्रा को बरामद कर लिया जाएगा. फोन की लोकेशन के आधार पर तलाश की जा रही है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
