हिमालय प्रहरी

हल्द्वानी के चर्चित गोरापड़ाव डकैती कांड का खुलासा: 4 और इनामी बदमाश गिरफ्तार, अब तक 6 दबोचे गए; अवैध असलहे और गाड़ियां बरामद

खबर शेयर करें -

हल्द्वानी। गोरापड़ाव स्थित एक गैरेज में हुई दुस्साहसिक डकैती का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना में शामिल चार और शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही मामले में अब तक गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या 6 हो गई है, जबकि वारदात में शामिल 6 अन्य आरोपी फिलहाल फरार चल रहे हैं। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से बदमाशों को दबोचा।
19 अगस्त को हथियारों के बल पर 8 लाख नकद व जेवरात लूटे थे
घटना 19 अगस्त 2026 की है, जब गोरापड़ाव (तीनपानी) स्थित एक ऑफिस/गैरेज में 10-12 हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने वहां मौजूद शिकायतकर्ता नारायण दास और कर्मचारियों को हथियारों के बल पर बंधक बनाकर करीब ₹8 लाख की नकदी, 12 मोबाइल फोन, सोने की चैन व अंगूठियां लूट ली थीं।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने 21 अगस्त को दो आरोपियों (वंशप्रीत सिंह और रखवीर सिंह) को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज दिया था।
दिल्ली, किच्छा और हल्द्वानी से पकड़े गए 4 नए आरोपी
मामले की तह तक पहुंचने के लिए गठित विशेष टीमों ने दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर-जैतपुर मोड़, हल्द्वानी और किच्छा से चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया:
  • यश सिडाना (24 वर्ष) — निवासी किच्छा (पूर्व में भी दर्ज है मुकदमा)
  • अमनदीप सिंह (21 वर्ष) — निवासी जैतपुर गांव, नई दिल्ली
  • शिवराज सिंह (21 वर्ष) — निवासी अमरिया, पीलीभीत (उ.प्र.)
  • अफजल मलिक (21 वर्ष) — निवासी अमरिया, पीलीभीत (उ.प्र.)
4 तमंचे, कारतूस, क्रेटा-स्कॉर्पियो और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से डकैती में प्रयुक्त क्रेटा व स्कॉर्पियो कार, 4 अवैध तमंचे (315 व 12 बोर), 7 जिंदा कारतूस और 18 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को दिया 2,500 रुपये का इनाम
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने रिकॉर्ड समय में डकैती का पर्दाफाश करने वाली पुलिस, एसओजी, साइबर, बीडीएस और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीम के सराहनीय कार्य के लिए 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल शेष 6 फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और उन्हें भी जल्द सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Exit mobile version