देहरादूनः उत्तराखंड में कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने एक बार फिर हरीश रावत के खिलाफ मोर्चा खोला है. कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने हरीश रावत पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनके घर शीशे के हों, वो दूसरों के घरों में पत्थर नहीं मारते.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पिछले 20 सालों में सबसे ज्यादा अवैध खनन और अवैध शराब दिखाने वाली सरकार हरीश रावत की ही थी और वो ज्यादा विरोध करेंगे तो और भी कई मामले खुल सकते हैं, जो हरीश रावत के लिए ठीक नहीं रहेगा. इतना ही नहीं उन्होंने हरीश रावत अपने कार्यकाल में जहरीली शराब परोसने का भी आरोप लगाया.
हरक सिंह रावत ने हरदा पर जिस तरह से हमले किए उससे साफ है कि हरक सिंह एक बार फिर हरीश रावत को लेकर अपने पुराने रुख को अपनाने जा रहे हैं. बता दें कि हाल ही में हरीश रावत और हरक सिंह के बीच हुए विवाद के बाद हरक ने हरदा को लेकर अपना रुख नरम किया था, लेकिन एक बार फिर हरक सिंह ने अपना रुख बदलते हुए हरीश रावत को आड़े हाथ लिया है.
बता दें कि आज पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने विधानसभा भवन के बाहर कांग्रेस के समर्थकों के साथ धरना दिया था. इससे पहले हरीश रावत स्कूटी पर सवार होकर विधानसभा पहुंचे और इसके बाद विधानसभा के बाहर ही धरने पर बैठ गए. जहां उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की मौजूदा सरकार में अवैध खनन जोरों पर चल रहा है. सरकार इस अवैध खनन को प्रोत्साहन दे रही है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें