हिमालय प्रहरी

पिथौरागढ़ में दिल दहलाने वाली घटना: दौड़ते समय बेहोश होकर गिरे 14 वर्षीय छात्र की मौत, सदमे में मां ने सरयू नदी में कूदकर दी जान

खबर शेयर करें -
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर मड़ेगांव (मूल निवासी गुरुंगतोली) में एक बेहद दुखद और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां कक्षा 9 में पढ़ने वाले 14 वर्षीय छात्र जतिन जोशी पुत्र कैलाश चंद्र जोशी की सुबह दौड़ लगाते समय अचानक बेहोश होकर गिरने से मौत हो गई। इकलौते बेटे की मौत का वज्रपात सह न पाने के कारण उसकी मां पूनम जोशी (उर्फ पुष्पा) गहरे सदमे में आ गईं और उन्होंने अस्पताल से सीधे घाट पहुंचकर सरयू नदी में छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे हादसे से पूरे क्षेत्र और जिले में गहरा शोक व्यापत है।
अस्पताल से सीधे घाट पहुंची मां, बचाने का प्रयास रहा असफल; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जतिन रोज की तरह झौलखेत मैदान में दौड़ने के बाद घर लौट रहा था, तभी रास्ते में अचेत होकर गिर पड़ा। स्थानीय बच्चों की सूचना पर मां पूनम उसे टैक्सी से जिला अस्पताल ले गईं, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुत्र के निधन की खबर सुनते ही बेसुध हुई पूनम बिना किसी परिजन को सूचना दिए चुपचाप टैक्सी से करीब 30 किमी दूर घाट पहुंचीं। वहां सामान लेने के बहाने टैक्सी से उतरकर उन्होंने सीधे सरयू नदी में छलांग लगा दी। स्थानीय होटल स्वामी ने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग भी लगाई, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। मृतका के पति कैलाश चंद्र जोशी असम राइफल्स में त्रिपुरा में तैनात हैं। उल्लेखनीय है कि दो वर्ष पूर्व जतिन की बड़ी बहन की भी बीमारी से मौत हो चुकी थी। घर के चिराग और मां के एक साथ चले जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
Exit mobile version