रुद्रपुर/किच्छा। उधम सिंह नगर जिले के किच्छा नगर निकाय चुनाव के मतदान के तुरंत बाद स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मंगलवार को जबरदस्त सियासी बवाल खड़ा हो गया। स्ट्रांग रूम के सामने तिरपाल लगाए जाने और प्रशासनिक धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस विधायक तिलकराज बेहड़ और पालिका अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ धरना स्थल पर बैठ गए। इसी बीच भाजपा प्रदेश प्रवक्ता व पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति बेकाबू हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद मौके पर पहुंचे भारी पुलिस बल ने माहौल को बिगड़ने से बचाने के लिए वर्तमान विधायक तिलकराज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला दोनों को हिरासत में ले लिया।
मारपीट और थप्पड़ के दावों के बीच भावुक हुए पूर्व विधायक, स्ट्रांग रूम के 500 मीटर दायरे में धारा लागू
घटनाक्रम के दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए। विधायक तिलकराज बेहड़ ने विपक्षी नेताओं पर गाल पर थप्पड़ मारने का आरोप लगाया, जबकि उनके बेटे सौरभ बेहड़ ने पुलिस-प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप जड़ा। दूसरी ओर, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला मीडिया के सामने भावुक होकर रो पड़े और समर्थकों द्वारा मारपीट किए जाने का दावा करते हुए राजनीति से संन्यास लेने तक की बात कह डाली। फिलहाल हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत चुनाव के बाद होने वाली मतगणना को अग्रिम आदेशों तक स्थगित रखा गया है। स्ट्रांग रूम के आसपास 500 मीटर के दायरे में सुरक्षा सख्त कर दी गई है और भारी पुलिस बल तैनात है।