हिमालय प्रहरी

पारिवारिक कलह का खौफनाक अंत: बहादराबाद में पति से विवाद के बाद 1 वर्षीय मासूम को गोद में ले गंग नहर में कूदी महिला, दोनों लापता

खबर शेयर करें -

बहादराबाद (हरिद्वार)। उत्तराखंड के बहादराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ पति-पत्नी के बीच रास्ते में हुए मामूली विवाद के बाद एक महिला अपनी एक वर्षीय मासूम बेटी को गोद में लेकर गंग नहर में कूद गई। गहरे पानी के तेज बहाव में मां-बेटी दोनों डूबकर लापता हो गए हैं। लापता महिला की पहचान 30 वर्षीय सविता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थाना पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंच गईं और दोनों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी 35 वर्षीय अर्जुन अपनी पत्नी सविता, चार वर्षीय बेटे और एक वर्षीय बेटी के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। रास्ते में जब वे दौलतपुर के समीप डीपीएस कॉलेज के पास पहुंचे, तो सविता ने मायके जाने के बजाय घर (ससुराल) पर ही रुकने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सविता ने गुस्से में बाइक रुकवाई और अपनी एक साल की मासूम बच्ची को गोद में लिए हुए पास ही बह रही गंग नहर में छलांग लगा दी। अर्जुन जब तक कुछ समझ पाता और उसे बचाने की कोशिश करता, तब तक मां-बेटी नहर के गहरे पानी में समा गए।

इस खौफनाक मंजर को देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचित किया गया। बहादराबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि जल पुलिस और एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से संयुक्त सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं अर्जुन का रो-रोकर बुरा हाल है। गनीमत रही कि उनका चार साल का बेटा सुरक्षित है। पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है और मौके पर जुटी भारी भीड़ मां-बेटी के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रही है।

Exit mobile version