
भवाली (नैनीताल)। भवाली-मुक्तेश्वर मार्ग पर मल्ला रामगढ़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। भवाली से मुक्तेश्वर की ओर जा रहा पर्यटकों से भरा एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पैरापिट को तोड़ते हुए करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय वाहन में 22 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें से 2 पर्यटकों की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद खाई में चीख-पुकार मच गई, जिसके बाद राहगीरों ने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचना दी।
हरियाणा से मुक्तेश्वर जा रहे थे पर्यटक, मल्ला रामगढ़ के पास हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर में हरियाणा से आए पर्यटक सवार थे। मल्ला रामगढ़ क्षेत्र में लक्ष्मीखान तिराहे से करीब 1 किलोमीटर आगे मुक्तेश्वर की ओर बढ़ते समय चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित ट्रैवलर पैरापिट से टकराकर सीधे खाई में जा समाया। सूचना मिलते ही कोतवाली भवाली पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुँचीं।
भारी बारिश के बीच पुलिस और SDRF का रेस्क्यू, घायलों को पहुंचाया सीएचसी रामगढ़
हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से भारी बारिश के बीच मुस्तैदी से राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को गहरी खाई से सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) रामगढ़ भेजा गया, जहाँ उनका इलाज चल रहा है। क्षेत्राधिकारी (CO) रविकांत सेमवाल ने बताया कि वाहन में कुल 22 यात्री सवार थे, जिनमें से 2 यात्रियों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। खाई में फंसे अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।