हिमालय प्रहरी

रुद्रपुर में रिंग रोड अंडरपास पर भीषण हादसा: तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को मारी टक्कर, महिला की दर्दनाक मौत, पति घायल व बच्चा बाल-बाल बचा

खबर शेयर करें -

रुद्रपुर। रुद्रपुर के एमेनिटी पब्लिक स्कूल के पास स्थित रिंग रोड अंडरपास पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक दुर्घटना में बाइक सवार 28 वर्षीया महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। राहत की बात यह रही कि बाइक पर सवार उनका करीब पांच वर्षीय बच्चा हादसे में पूरी तरह सुरक्षित बच गया। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
गदरपुर से रुद्रपुर जाते समय हुआ हादसा, डंपर छोड़कर चालक फरार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गदरपुर के वार्ड नंबर नौ इस्लामनगर निवासी फरीद अपनी पत्नी गुलाफसा (28) और मासूम बच्चे के साथ बाइक पर सवार होकर रुद्रपुर की ओर आ रहे थे। जैसे ही वे रिंग रोड अंडरपास के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक डंपर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुलाफसा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल फरीद को संभाला और इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया।
एंबुलेंस की देरी पर लोगों में गुस्सा, दिनेशपुर पुलिस ने डंपर कब्जे में लेकर शुरू की जांच
हादसे के बाद रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और जाम की स्थिति बन गई। मौके पर मौजूद लोगों ने हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस न पहुंचने पर नाराजगी जताई। सूचना मिलते ही दिनेशपुर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली, शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Exit mobile version