हिमालय प्रहरी

जसपुर में भीषण सड़क हादसा: टाटा 709 और ई-रिक्शा की टक्कर में चालक समेत तीन लोगों की मौत, दो घायल

खबर शेयर करें -
जसपुर (उधम सिंह नगर)। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के जसपुर क्षेत्र में बड़ी नहर के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार टाटा 709 वाहन और ई-रिक्शा के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के बाद टाटा 709 का चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

अस्पताल ले जाते समय और इलाज के दौरान गई जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जसपुर क्षेत्र में बड़ी नहर के पास ई-रिक्शा और टाटा 709 वाहन की आमने-सामने की टक्कर इतनी भयानक थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। हादसे में ई-रिक्शा में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दो लोगों को मौके पर ही मृत घोषित कर दिया, जबकि एक अन्य घायल ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। अन्य दो घायलों का इलाज फिलहाल अस्पताल में जारी है।

मृतकों में ई-रिक्शा चालक की हुई शिनाख्त, अन्य की पहचान के प्रयास जारी

काशीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वप्निक किशोर सिंह ने बताया कि मृतकों में ई-रिक्शा चालक शहजाद (पुत्र रमजान अली) की शिनाख्त हो गई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टाटा 709 वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है। वाहन से जुड़े लोगों से पूछताछ में पता चला है कि चालक का मोबाइल फोन बंद आ रहा है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

एसपी ने बताया कि हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस इस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए गहनता से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
Exit mobile version