हिमालय प्रहरी

संपत्ति बंटवारे के विवाद में भाई ने भाई पर किया जानलेवा हमला; हाथ की कलाई कटी, आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें -

जसपुर: ऊधम सिंह नगर जिले के जसपुर कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा विवाद रविवार शाम खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। बड़े भाई ने गुस्से में आकर छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे छोटे भाई के हाथ की कलाई लगभग पूरी तरह कट गई। इस हिंसक झड़प में बीच-बचाव करने आए एक अन्य युवक को भी गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कहासुनी के बाद किया धारदार हथियार से वार

जानकारी के मुताबिक, लकड़ी मंडी चौराहे के पास स्थित चांद मस्जिद क्षेत्र में रहने वाले पांच सगे भाइयों के बीच जमीन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था। रविवार देर शाम इसी मुद्दे पर बड़े भाई शेर अली और छोटे भाई अनवर हुसैन के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते शेर अली ने आपा खो दिया और अनवर पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अनवर का काफी खून बह गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने जब बीच-बचाव की कोशिश की, तो एक अन्य युवक भी इस हमले की चपेट में आकर लहूलुहान हो गया।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल

घटना के बाद अफरा-तफरी के बीच दोनों घायलों को तत्काल सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका उपचार चल रहा है। जसपुर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया और मंगलवार को आरोपी शेर अली को गिरफ्तार कर लिया। जसपुर कोतवाल राजेश पांडेय ने बताया कि पांच भाइयों के बीच संपत्ति का पुराना विवाद इस जानलेवा हमले की मुख्य वजह रहा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रभावी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।

Exit mobile version