
हल्द्वानी। हल्द्वानी में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। वंदे मातरम के मुद्दे पर सीधे राहुल गांधी को घेरते हुए उन्होंने कहा कि विदेश में पले-बढ़े राहुल गांधी भारतीय संस्कृति और उस वंदे मातरम के महत्व को कभी नहीं समझ सकते, जिसकी गूंज से लाखों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपने प्राणों की आहुति दी। नितिन नवीन ने आरोप लगाया कि सनातन को गाली दिए जाने पर कांग्रेस को दर्द नहीं होता, लेकिन वंदे मातरम का पूरा गान करने में उनकी पार्टी अपमानित महसूस करती है। वहीं, हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खरगे के कार्यक्रम के बाद हुए विवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि खरगे ने देवभूमि की पवित्र धरती से षड्यंत्र के तहत विभाजनकारी राजनीति करने का प्रयास किया, जिसे उत्तराखंड की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।
‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’—मिशन 2027 के लिए कार्यकर्ताओं को दिया जीत का मंत्र
कांग्रेस के इतिहास को दलित विरोधी करार देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर को चुनाव हराने वाली कांग्रेस आज महज ढोंग रच रही है, जबकि पीएम नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में दलित समाज का वास्तविक सम्मान बढ़ा है। उन्होंने ‘मिशन-2027’ को सत्ता हासिल करने के बजाय राष्ट्रवादी विचारधारा और सांस्कृतिक विरासत की जीत का संकल्प बताया। नितिन नवीन ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में उत्तराखंड का निर्माण हुआ था और अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ‘डबल इंजन’ सरकार इसे संवारने का कार्य कर रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों के विकास और ‘वाइब्रेंट विलेज’ योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि मोदी सरकार ने देश के अंतिम गांवों को अब ‘प्रथम गांव’ का दर्जा देकर सीमा सुरक्षा और कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व मजबूती दी है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें