हिमालय प्रहरी

रामनगर में छात्रा के साथ अश्लील हरकत, शिक्षक ने खुद को बाथरूम में किया बंद

खबर शेयर करें -

रामनगरः नैनीताल जिले के रामनगर में स्कूल में छात्रा के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है. आरोप है कि एमपी इंटर कॉलेज में कक्षा10 वीं छात्रा के साथ स्कूल के शिक्षक ने अश्लील हरकतें कर दी. उधर, मामले की जानकारी छात्रा के परिजनों को लगी तो सीधे स्कूल में आ धमके. परिजनों के स्कूल पहुंचने पर शिक्षक ने खुद को बाथरूम में बंद कर लिया. करीब 3 घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शिक्षक खुद ही बाहर आ गया. वहीं, पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई है.

दरअसल, छेड़छाड़ का मामला 4 दिन पुराना है. एमपी इंटर कॉलेज के शिक्षक विनोद राजपूत ने इस मामले में ब्लैकमेल का आरोप लगाते हुए बीती रोज छात्रा के चाचा के खिलाफ कोतवाली पुलिस में तहरीर दी थी. जिसके बाद आज यानी सोमवार को छात्रा के परिजन कॉलेज पहुंच गए और उन्होंने घटना की जानकारी प्रधानाचार्य को देने के साथ ही शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की. घटना की भनक लगते ही शिक्षक स्कूल में बने एक बाथरूम के अंदर घुस गया. जिसके बाद स्कूल में हड़कंप मच गया.

एमपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य और अन्य स्टाफ ने बाथरूम में बंद शिक्षक को कई बार बाहर आने का अनुरोध किया, लेकिन शिक्षक बाहर नहीं निकला. जिसके बाद घटना की जानकारी कोतवाली पुलिस को दी गई. आनन-फानन में कोतवाली पुलिस के एसएसआई मुनव्वर हुसैन भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. जहां उन्होंने बाथरूम में बंद शिक्षक को समझाते हुए बाहर आने को कहा, लेकिन शिक्षक बाथरूम से बाहर आने को राजी नहीं हुआ. शिक्षक को डर था कि कहीं बाहर मौजूद छात्रा के परिजन और अन्य लोग उसके साथ मारपीट ना कर दें.

वहीं, करीब 3 घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद शिक्षक खुद ही बाहर आ गया. जिसके बाद पुलिस शिक्षक को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई और पूछताछ शुरू कर दी है. शिक्षा के मंदिर में ऐसी घिनौनी हरकत को लेकर अब लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं. इस मामले में छात्रा के परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर भी सौंप दी है. एसएसआई मुनव्वर हुसैन ने बताया कि मामले में छात्रा के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. आरोपी शिक्षक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जा रही है.
Exit mobile version