हल्द्वानी: शहर में कानून व्यवस्था को ठेंगे पर रखने वाले एक रसूखदार व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। भोटिया पड़ाव चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान महिला चौकी इंचार्ज से अभद्रता करने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में पुलिस ने लवजीत सिंह (निवासी लालकुआं) को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के बाद से पुलिस महकमे में कड़ा रोष व्याप्त है और मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
कार से काली फिल्म हटाने पर भड़का आरोपी
जानकारी के अनुसार, एसएसपी के निर्देश पर भोटिया पड़ाव क्षेत्र में पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान महिला चौकी इंचार्ज ने नियमों का उल्लंघन कर एक लग्जरी कार पर लगी काली फिल्म को हटवा दिया। आरोप है कि अपनी रसूखदारी के नशे में चूर कार स्वामी लवजीत सिंह इस कार्रवाई से आगबबूला हो गया और मौके पर ही महिला अधिकारी के साथ बदतमीजी शुरू कर दी। आरोपी ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि महिला चौकी इंचार्ज को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
कानून से ऊपर कोई नहीं: पुलिस क्षेत्राधिकारी
महिला चौकी इंचार्ज की तहरीर पर पुलिस ने तत्काल प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने सख्त लहजे में कहा कि “कानून से ऊपर कोई नहीं है।” उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के साथ अभद्रता और सरकारी काम में रुकावट पैदा करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से नियमों का पालन करने और पुलिस बल का सहयोग करने की अपील की है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें
