हिमालय प्रहरी

एक्शन में काशीपुर पुलिस : अवैध तमंचे के साथ युवक दबोचा

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा,काशीपुर। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के तहत काशीपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक युवक को 12 बोर के अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्धों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुंडेश्वरी क्षेत्र में शिवालिक स्कूल जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ग्राम रामपुरा निवासी 31 वर्षीय संजय सिंह के कब्जे से 12 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली काशीपुर में एफआईआर संख्या 96/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version