हिमालय प्रहरी

KDF गौरव सम्मान-2026 में चमके काशीपुर के होनहार, अंश कुकरेजा को मिला अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड

खबर शेयर करें -


राजू अनेजा, काशीपुर।काशीपुर डेवलपमेंट फोरम (KDF) द्वारा महिमा रिजॉर्ट में आयोजित “KDF गौरव सम्मान-2026” कार्यक्रम में शहर के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित किया गया, जहां समर स्टडी स्कूल के छात्र अंश कुकरेजा अपनी शानदार उपलब्धि के चलते आकर्षण का केंद्र बने रहे।
हाईस्कूल परीक्षा में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर अंश कुकरेजा ने न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे काशीपुर का नाम रोशन किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उन्हें “स्व. योगेंद्र जिंदल मेमोरियल अकादमिक एक्सीलेंस अवार्ड” से सम्मानित किया गया। जैसे ही मंच से अंश कुकरेजा के नाम की घोषणा हुई, पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे नगर निगम मेयर दीपक बाली ने मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करते हुए कहा कि काशीपुर के बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से शहर को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि आज के ये प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही आने वाले समय में देश और समाज की नई पहचान बनेंगे।
मेयर दीपक बाली ने कहा कि बच्चों की सफलता के पीछे अभिभावकों और शिक्षकों की मेहनत भी उतनी ही महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को आगे बढ़ने और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देते हैं।
समारोह के दौरान शहर के कई अन्य मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, सामाजिक और व्यापारिक क्षेत्र से जुड़े कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर एसपीएनजी ग्रुप के एमडी योगेश जिंदल, केडीएफ अध्यक्ष राजीव घई, सचिव शरत गोयल, खंड शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र साहू, केजीसीसीई अध्यक्ष पवन अग्रवाल, एस.पी. गुप्ता, मुक्ता सिंह, बसन्त बल्लभ भट्ट, विक्रांत चौधरी, गोपाल अग्रवाल, एडवोकेट राजवीर खोखर, चक्रेश जैन, डॉ. यशपाल रावत समेत अनेक लोग उपस्थित रहे।

Exit mobile version