
लालकुआं (नैनीताल)। बिंदुखत्ता क्षेत्र के शास्त्री नगर नर्सरी में गुरुवार को एक शादी समारोह उस समय हंगामे और तनाव में तब्दील हो गया, जब विवाह की लगभग सभी प्रमुख रस्में संपन्न होने के बाद सात फेरों से ठीक पहले दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। दूल्हे के इस अचानक लिए गए फैसले से शादी की खुशियां मातम और आक्रोश में बदल गईं। इस मामले में दुल्हन पक्ष ने दूल्हे और उसके परिजनों पर अतिरिक्त दहेज मांगने का गंभीर आरोप लगाया है।
बारात के स्वागत और भोजन के बाद फेरे लेने से मुकरा दूल्हा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार को चकलुआ क्षेत्र से बारात बिंदुखत्ता के शास्त्री नगर नर्सरी स्थित दुल्हन के घर पहुंची थी। लड़की पक्ष ने पूरी गर्मजोशी के साथ बारात का स्वागत किया और शुरुआती सभी पारंपरिक रस्में पूरी करने के साथ-साथ बारातियों को भोजन भी कराया।
विवाह मंडप की सभी तैयारियां पूरी होने के बाद जब वर-वधू के सात फेरों की बारी आई, तो दूल्हे ने अचानक विवाह करने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हे ने शादी में अपनी मर्जी न होने की बात कहकर फेरे लेने से इनकार कर दिया। दूल्हे के इस रवैये को देखकर वहां मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया तथा दोनों पक्षों के बीच तीखी नोंकझोंक व गहमागहमी शुरू हो गई।
कर्ज लेकर जुटाया था दहेज का सामान, पुलिस ने दूल्हे को चौकी बुलाया
दुल्हन पक्ष का आरोप है कि उन्होंने भारी कर्ज लेकर बेटी की शादी की व्यवस्था की थी और अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज का पूरा सामान भी दिया था, लेकिन इसके बावजूद दूल्हे की ओर से अतिरिक्त दहेज की मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने के कारण ही उसने ऐन वक्त पर शादी से इनकार कर दिया।
मामले में विवाद बढ़ता देख लड़की पक्ष ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिंदुखत्ता चौकी प्रभारी गौरव जोशी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए दूल्हे को हिरासत में लेकर चौकी ले आए। उधर, हंगामे के बीच अन्य बाराती मौके से अपने घर लौट गए। समाचार लिखे जाने तक मामले के निपटारे और अग्रिम कार्रवाई को लेकर दोनों पक्षों के लोग कोतवाली में मौजूद थे।