
लालकुआं (नैनीताल)। मोटाहल्दू प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समिति के चौतरफा विकास और कृषक सदस्यों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रबंध कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नाबार्ड (राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक) द्वारा मोटाहल्दू समिति को विकास कार्यों के लिए चयनित किए जाने की जानकारी साझा की गई। परियोजना के अंतर्गत समिति के विस्तार और किसानों की आय दोगुनी करने की दिशा में एक विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जा रही है।
किसानों की आय दोगुनी करने पर जोर, तैयार होगी डीपीआर
समिति अध्यक्ष हेम दुर्गापाल ने नाबार्ड द्वारा मोटाहल्दू समिति के चयन को क्षेत्र के कृषकों और समिति परिवार के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि परियोजना के धरातल पर उतरने से न केवल समिति की व्यावसायिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी, बल्कि स्थानीय किसानों को विकास योजनाओं से जोड़कर उनकी आय दोगुनी करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
शाखा प्रबंधक का विदाई समारोह एवं कर्मचारी नेताओं का सम्मान
बैठक के दौरान मुख्यालय स्थानांतरण होने पर शाखा प्रबंधक योगेश पांडे को भावभीनी विदाई दी गई। समिति अध्यक्ष हेम दुर्गापाल ने उनके कार्यकाल और सराहनीय सेवाओं की प्रशंसा करते हुए उन्हें शॉल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मानित किया।
इसके अतिरिक्त, सफल आंदोलन के लिए नैनीताल-ऊधमसिंह नगर कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष व संयुक्त संगठन के प्रदेश संयोजक प्रकाश जोशी तथा संयुक्त संगठन के प्रदेश प्रवक्ता विपिन चंद्र भट्ट का माल्यार्पण कर जोरदार स्वागत किया गया।
बैठक में गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस महत्वपूर्ण बैठक में समिति के उपाध्यक्ष संजय पाठक, निदेशक नानू उपाध्याय, विक्की पाठक, मीना कबड़वाल, योगेश, दिशा, कपिल, हरिप्रिया जोशी, पुष्पा नागिला और विपिन बमेटा सहित समिति के तमाम कर्मचारी व स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।