देहरादून। उत्तराखंड शासन ने पुलिस महकमे में बड़े प्रशासनिक फेरबदल को अंजाम देते हुए प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के 12 वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल कर दिया है। गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों समेत पहाड़ी क्षेत्रों के अपर पुलिस अधीक्षकों (ASP) को जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नई तैनातियां दी गई हैं। शासन ने स्थानांतरण सूची जारी करते हुए सभी 12 अफसरों को तत्काल प्रभाव से अपने नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
प्रमुख तैनाती: रुद्रपुर, हल्द्वानी, हरिद्वार और देहरादून के एएसपी बदले
जारी आदेश के अनुसार शेखर चंद्र सुयाल को अपर पुलिस अधीक्षक देहात हरिद्वार से अपर पुलिस अधीक्षक नगर (एएसपी सिटी) देहरादून बनाया गया है, जबकि प्रमोद कुमार को एएसपी सिटी देहरादून से एएसपी सिटी रुद्रपुर भेजा गया है। वहीं, हरबंस सिंह को अल्मोड़ा से स्थानांतरण कर एएसपी हल्द्वानी (नैनीताल) की जिम्मेदारी दी गई है और मनोज कत्याल को हल्द्वानी से हटाकर उपसेनानायक 31वीं वाहिनी PAC रुद्रपुर भेजा गया है। इसके अलावा दीपक सिंह को एएसपी टिहरी से एएसपी हरिद्वार नगर, अभय सिंह को एएसपी हरिद्वार ग्रामीण, अनुषा बडोला को एएसपी अपराध एवं यातायात उधम सिंह नगर, अमित कुमार को एएसपी टिहरी तथा स्वतंत्र कुमार सिंह को एएसपी देहात-2 देहरादून के पद पर तैनात किया गया है। सतर्कता (विजिलेंस) और पीएसी में तैनात अधिकारियों के प्रभार में भी फेरबदल किया गया है।