हिमालय प्रहरी

कुमाऊं दौरे पर बीजेपी का महासंवाद: राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन विस्तारित कार्यकारिणी के 634 नेताओं से करेंगे सीधी चर्चा, ‘विकसित उत्तराखंड’ का रखा जाएगा प्रस्ताव

खबर शेयर करें -
देहरादून/हल्द्वानी। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को धार देने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कुमाऊं दौरे को बेहद खास बनाया जा रहा है। देहरादून में अपने पहले प्रवास के दौरान छोटे समूहों में संवाद करने के बाद, इस बार वे विस्तारित प्रदेश कार्यकारिणी के साथ बड़े पैमाने पर संवाद करेंगे। इस महाबैठक में प्रदेश के मंत्री, सांसद, विधायक, दायित्वधारी, मेयर, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत अध्यक्ष और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों समेत कुल 634 भाजपा नेता व कार्यकर्ता एक मंच पर शिरकत करेंगे। संगठन और जनप्रतिनिधियों की इतनी बड़ी भागीदारी को चुनाव पूर्व तैयारियों और जमीनी रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सरकारी योजनाओं के फीडबैक के साथ तय होगी भविष्य की विकास रणनीति
इस व्यापक संवाद का मुख्य उद्देश्य केवल संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करना ही नहीं, बल्कि सरकारी योजनाओं के धरातलीय असर, विकास कार्यों की प्रगति और जन-अपेक्षाओं का सीधा फीडबैक लेना है। बैठक में ‘विकसित उत्तराखंड’ का विशेष प्रस्ताव भी पेश किया जाएगा, जिसके तहत पहाड़ में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, रोजगार, निवेश, पर्यटन, सड़क कनेक्टिविटी और शहरी आवश्यकताओं को लेकर एक दूरगामी रोडमैप तैयार करने पर जोर रहेगा। शीर्ष नेतृत्व द्वारा 634 नेताओं को एक साथ जोड़कर संवाद का दायरा बढ़ाने से स्थानीय स्तर की प्राथमिकताओं को सीधे प्रदेश स्तर की चुनावी रणनीति में शामिल करने का बड़ा अवसर मिलेगा।
Exit mobile version