हिमालय प्रहरी

कालाढूंगी तहसील में बड़ा हादसा: एसआईआर आपत्ति का निस्तारण कराने पहुंचे 80 वर्षीय बुजुर्ग की सीढ़ियों से गिरकर मौत, व्यवस्थाओं पर उठे सवाल

खबर शेयर करें -
कालाढूंगी। निर्वाचन नामावली में एसआईआर प्रक्रिया के तहत दर्ज आपत्ति का जवाब देने तहसील पहुंचे एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की दो मंजिला भवन की सीढ़ियों से गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है। जानकारी के अनुसार, कालाढूंगी के वार्ड नंबर चार निवासी 80 वर्षीय इब्ने हसन सोमवार को एसआईआर आपत्तियों के निस्तारण की अंतिम तिथि होने के कारण तहसील गए थे। वहां अपना नोटिस दाखिल कर जब वे दो मंजिला तहसील भवन की सीढ़ियों से नीचे उतर रहे थे, तभी अचानक गश खाकर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना पंचनामा और पोस्टमार्टम कराए शव को घर ले गए।
नोटिस के तनाव और सीढ़ियां चढ़ने-उतरने की व्यवस्था से उपजा आक्रोश
मृतक के पोते सद्दाम हुसैन ने बताया कि उनके दादा पहले कभी तहसील नहीं गए थे और एसआईआर नोटिस मिलने के बाद से ही काफी चिंतित व मानसिक दबाव में थे। इस हादसे ने बुजुर्ग मतदाताओं के लिए तहसील प्रशासन की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि दो मंजिला भवन तक बुजुर्गों को सीढ़ियां चढ़कर जाना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि एसआईआर प्रक्रिया और अन्य प्रशासनिक कार्यों में बुजुर्गों व असहाय लोगों के लिए विशेष और सुगम व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि इस तरह की अप्रिय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
Exit mobile version