
देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रशासनिक मशीनरी को चुस्त-दुरुस्त करने के उद्देश्य से शासन स्तर पर एक बार फिर बड़े पैमाने पर भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) और प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। दो दिन पूर्व हुए आईएएस और आईपीएस अधिकारियों के फेरबदल के बाद जारी इस नई तबादला सूची में कई महत्वपूर्ण जनपदों के जिलाधिकारियों सहित शासन स्तर के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
नैनीताल और अल्मोड़ा को मिले नए जिलाधिकारी, ललित मोहन रयाल को शासन में मिली बड़ी जिम्मेदारी
जारी तबादला आदेश के अनुसार, नैनीताल के जिलाधिकारी आईएएस ललित मोहन रयाल को जिले से हटाकर शासन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें अपर सचिव मुख्यमंत्री के साथ-साथ कार्मिक एवं सतर्कता विभाग का दायित्व दिया गया है। वहीं, गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के प्रबंध निदेशक आईएएस विनीत तोमर को जिला विकास प्राधिकरण नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जो पूर्व में ललित मोहन रयाल के पास था।
जनपदों के नेतृत्व में बदलाव करते हुए अल्मोड़ा के जिलाधिकारी रहे आईएएस अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी (डीएम) नियुक्त किया गया है। उनके स्थान पर आईएएस दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा के जिलाधिकारी की कमान सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त, आईएएस निधि यादव को अपर सचिव खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा निदेशक (खेल एवं युवा कल्याण) का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है।
हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल और अल्मोड़ा में पीसीएस अधिकारियों के भी हुए तबादले
आईएएस अधिकारियों के साथ-साथ राज्य सरकार ने कई पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। इसके तहत पीसीएस कृष्ण कुमार मिश्र को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है, जबकि पीसीएस पंकज कुमार उपाध्याय को भी अपर जिलाधिकारी (एडीएम) हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
इसी क्रम में पीसीएस वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी (एडीएम) देहरादून की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, पीसीएस सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है, जबकि अब तक नैनीताल में डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात पीसीएस सुधीर कुमार को स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा नियुक्त किया गया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें