राजू अनेजा,काशीपुर। स्वतंत्रता दिवस पर काशीपुर के वार्ड नंबर 25 स्थित अल्ली खां चौक पर उस समय इतिहास रच गया, जब पहली बार करीब 135 फीट ऊंचा विशाल तिरंगा शान से लहराया। नगर निगम महापौर दीपक बाली के प्रयासों से स्थापित इस विशाल राष्ट्रीय ध्वज ने न सिर्फ अल्ली खां क्षेत्र बल्कि पूरे काशीपुर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। तिरंगा लहराते ही पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष से गूंज उठा।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम से महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा और भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल समेत जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा जब अल्ली खां चौक पहुंची तो वहां पहले से ही बड़ी संख्या में लोग तिरंगे के स्वागत के लिए मौजूद थे। चौक पर पैर रखने तक की जगह नहीं थी और पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।
135 फीट ऊंचे तिरंगे ने खींचा हर किसी का ध्यान
अल्ली खां चौक पर पहली बार स्थापित किए गए करीब 135 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज को स्वतंत्रता दिवस पर विधिवत फहराया गया। विशाल तिरंगे के आसमान में लहराते ही वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। लोगों ने मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया और महापौर दीपक बाली को इस पहल के लिए बधाई दी।
इस मौके पर सबसे खास तस्वीर सामाजिक सौहार्द की भी देखने को मिली। हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई समाज के लोग एक साथ तिरंगे के नीचे खड़े दिखाई दिए। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी भारत माता की जय और वंदे मातरम के जयकारे लगाए।
मुस्लिम बेटियों ने गाया राष्ट्रगान
तिरंगा फहराए जाने के बाद निकट स्थित शमशुलउलूम जूनियर हाईस्कूल की छात्राओं ने प्रधानाचार्य रानी खान के नेतृत्व में राष्ट्रगान प्रस्तुत किया। मुस्लिम बेटियों द्वारा राष्ट्रगान गाए जाने का दृश्य लोगों के लिए बेहद भावुक और गौरवान्वित करने वाला रहा।
अल्ली खां क्षेत्र के मुस्लिम परिवारों की छतों पर भी लोग तिरंगा लहराते दिखाई दिए। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र देशभक्ति के जज्बे में डूब गया।
तिरंगे को नमन करने जमीन पर लेट गए महापौर
कार्यक्रम के दौरान एक भावुक क्षण तब आया, जब महापौर दीपक बाली ने तिरंगे के सम्मान में धरती पर लेटकर उसे नमन किया। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोग भावुक हो उठे। चारों ओर भारत माता की जय के नारे गूंजने लगे।
इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और शहरवासी मौजूद रहे। राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर सभी लोग एक साथ तिरंगे के नीचे खड़े दिखाई दिए।
‘तिरंगा स्थापित करने में मुस्लिम पार्षदों और जनता का बड़ा सहयोग’
महापौर दीपक बाली ने कहा कि अल्ली खां चौक पर विशाल तिरंगा स्थापित करने में मुस्लिम पार्षदों और क्षेत्र की जनता का महत्वपूर्ण सहयोग मिला है। उन्होंने सभी का आभार जताते हुए कहा कि तिरंगा पूरे देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि काशीपुर के विकास में जाति और धर्म को आधार नहीं बनाया जाएगा। शहर के प्रत्येक नागरिक को विकास का समान लाभ मिलेगा और सभी वर्गों को साथ लेकर काशीपुर को आगे बढ़ाया जाएगा।
नगर निगम में भी हुआ भव्य कार्यक्रम
इससे पहले स्वतंत्रता दिवस की शुरुआत प्रभात फेरी के साथ हुई। इसके बाद नगर निगम कार्यालय एवं प्रांगण में महापौर दीपक बाली, विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, राज्य मंत्री सीमा चौहान, पूर्व मेयर उषा चौधरी और नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट ने पार्षदों एवं शहर के गणमान्य लोगों के साथ ध्वजारोहण किया।
नगर निगम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में देश के अमर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। शिखर पब्लिक स्कूल, गुरुकुल फाउंडेशन और जीबी पंत इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र और पौधा भेंटकर सम्मानित किया गया। राज्य आंदोलनकारियों महापौर दीपक बाली, नीरज गुप्ता, राजेंद्र पाल, नवीन अरोरा, संजय आर्य और शगुन बत्रा को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के बाद नगर निगम से निकली तिरंगा यात्रा अल्ली खां चौक पहुंची, जहां 135 फीट ऊंचे तिरंगे ने स्वतंत्रता दिवस के जश्न को ऐतिहासिक बना दिया।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा, डॉ. यशपाल रावत, राजदीपिका मधुर, हसीन खान, मु. अशरफ एडवोकेट, पूर्व चेयरमैन शमसुद्दीन, मंडल अध्यक्ष अर्जुन सिंह, पार्षद एवं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गुरविंदर सिंह चंडोक, पार्षद पुष्कर बिष्ट, विजय बॉबी, अनिल कुमार, संदीप मोनू, मयंक मेहता, राशिद फारुकी, शाह आलम, संजय शर्मा, सीमा सागर, प्रिंस बाली, बीना नेगी, हर्ष रत्नाकर, रविंद्र राणा, शिवेंद्र खनायत, इकबाल अदीब, अनिरुद्ध गौड़, राबिया बेगम, मुकेश चावला, पंकज टंडन, गौतम मेहरोत्रा, अमन बाली, गोपाल कृष्ण, ब्रजेश सैनी, अशोक सैनी, पार्षद मोहम्मद अर्शी, इरफान गुड्डू, सादिक हुसैन, सहायक नगर आयुक्त विनोद लाल, शालिनी नेगी, सफाई निरीक्षक दिनेश ध्यानी, निखिल सेतिया, सुरेंद्र छाबड़ा, राजेंद्र चावला, अनिल माटा, गोल्डी, कैलाश प्रजापति, राजकुमार यादव, संजय अरोरा, पूर्व वाइस चेयरमैन कैलाश सिंह प्रजापति, एडवोकेट शशांक सिंह चौधरी, समरपाल सिंह, जसवीर सिंह सैनी समेत नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और समाज के हर वर्ग के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
अल्ली खां चौक पर लहराया गया 135 फीट का तिरंगा अब काशीपुर की सामाजिक एकता, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति की नई तस्वीर बनकर सामने आया है।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें