हिमालय प्रहरी

मृत बकरी का मांस खाने से 20 से अधिक लोग बीमार: महिलाओं और बच्चों की हालत बिगड़ी

खबर शेयर करें -
कीर्तिनगर (टिहरी)। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले अंतर्गत कीर्तिनगर ब्लॉक के सिरोला गांव में शनिवार, 5 सितंबर को उस समय हड़कंप मच गया जब मृत बकरी का मांस खाने से 20 से अधिक लोग अचानक बीमार पड़ गए। प्रभावितों में महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिन्हें उल्टी-दस्त, पेट दर्द और डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद परिजनों द्वारा आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। ग्रामीणों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां बेस अस्पताल के बाल रोग विभाग में बच्चों का इलाज जारी है।
चिकित्सकों की सलाह: संदिग्ध व मृत पशुओं के मांस सेवन से बचें
मामले में चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय गोस्वामी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि किसी भी बीमारी या संदिग्ध परिस्थितियों में मृत हुए पशु के मांस का सेवन भूलकर भी नहीं करना चाहिए। ऐसे मांस में जानलेवा बैक्टीरिया व घातक संक्रमणकारी तत्व मौजूद होते हैं, जो पकाने के बावजूद नष्ट नहीं होते और स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम पैदा करते हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों में ऐसा संक्रमण तेजी से डिहाइड्रेशन का रूप ले लेता है। ऐसे मामलों में घरेलू नुस्खे आजमाने के बजाय मरीज को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाकर चिकित्सकीय देखभाल उपलब्ध करानी चाहिए।
Exit mobile version