हिमालय प्रहरी

मामा की शादी में पसरा मातम: सरयू नदी में नहाते समय डूबी 10 वर्षीय मासूम, पल भर में बदलीं खुशियां

खबर शेयर करें -

पिथौरागढ़/पंचेश्वर (24 अप्रैल 2026): चंपावत जिले के पंचेश्वर स्थित नेत्रसलान गांव में एक विवाह समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक 10 साल की बच्ची की सरयू नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतका अपने ननिहाल में मामा की शादी में शामिल होने आई थी। मासूम की मौत से दो परिवारों सहित पूरे गांव में शोक की लहर है।

शादी में छोटी बहन के साथ किया था खूब नृत्य

जानकारी के अनुसार, पिथौरागढ़ के सिंतोली गांव निवासी भावना उर्फ पीहू (10 वर्ष), पुत्री सुमिरन सिंह कार्की, अपनी मां सरस्वती देवी के साथ मामा की शादी में शामिल होने नेत्रसलान गांव आई थी। परिजनों ने बताया कि बुधवार रात तक घर में उत्सव का माहौल था और भावना ने अपनी छोटी बहन के साथ जमकर नृत्य किया था। किसी ने नहीं सोचा था कि यह उसकी आखिरी खुशियां होंगी।

नहाने के दौरान पैर फिसलने से हुआ हादसा

गुरुवार सुबह भावना अपनी मां, छोटी बहन और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पास ही बहने वाली सरयू नदी में नहाने गई थी। नदी किनारे नहाते समय अचानक भावना का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चली गई। उसे डूबता देख परिजनों में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे नदी से बाहर निकाला।

अस्पताल पहुँचने से पहले ही थमीं सांसें

परिजनों ने बिना समय गंवाए एक निजी वाहन से मासूम को पिथौरागढ़ जिला अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात डॉ. अमन आलम ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की मौत अस्पताल पहुँचने से पहले ही हो चुकी थी।

बेहोश हुई मां, ननिहाल में छाई खामोशी

बेटी की मौत की खबर सुनते ही मां सरस्वती देवी अस्पताल में ही बेहोश हो गईं। मासूम के पिता, जो निजी नौकरी करते हैं, उन्हें भी इस अनहोनी की सूचना दे दी गई है। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा।

Exit mobile version