हिमालय प्रहरी

शराब के नशे में रिश्तों का कत्ल, गलत हरकत से भड़के भतीजे ने चाचा को सुला दिया मौत की नींद, ब्लाइंड मर्डर का 3 दिन में पुलिस ने किया सनसनी खेज खुलासा

खबर शेयर करें -

राजू अनेजा,काशीपुर। शराब और नशे की हालत में की गई गलत हरकत रिश्तों के कत्ल का कारण बन गई। महुआखेड़ागंज स्थित फैक्ट्री में चौकीदार की नृशंस हत्या का खुलासा करते हुए आईटीआई कोतवाली पुलिस ने आरोपी भतीजे को बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया है। शराब के नशे में आपा खो बैठे भतीजे ने पहले गला दबाया और फिर ईंट से वार कर अपने ही रिश्ते के चाचा को मौत की नींद सुला दिया।
28 दिसंबर को टोसा इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री परिसर में बंद गेट के भीतर एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त 54 वर्षीय कर्मवीर पुत्र रंजीत सिंह निवासी सैदरपुर, थाना औरंगाबाद, जिला बुलंदशहर के रूप में की। कर्मवीर फैक्ट्री में चौकीदार था।
जांच में सामने आया कि मृतक के साथ उसका रिश्ते का भतीजा अप्रान्त पुत्र योगेन्द्र भी फैक्ट्री में चौकीदारी करता था और दोनों एक ही कमरे में रहते थे। घटना के बाद अप्रान्त मौके से मोबाइल फोन छोड़कर फरार हो गया था, जिससे पुलिस का शक उसी पर गहराता गया।
मृतक के पुत्र रिंकू कुमार की तहरीर पर कोतवाली आईटीआई में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस के आधार पर आरोपी की तलाश तेज की।
पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उसने बताया कि 27 दिसंबर की शाम उसने और कर्मवीर ने साथ बैठकर शराब पी और गांजा भी लिया था। नशे की हालत में कर्मवीर ने उससे गलत हरकत करने की कोशिश की। विरोध करने और कमरे से बाहर जाने के बावजूद कर्मवीर नहीं माना, जिससे गुस्से में आकर उसने कर्मवीर का गला पकड़कर दबा दिया। जमीन पर गिरने के बाद पास पड़ी ईंट उठाकर उसने ठोड़ी पर वार कर दिया, जिससे कर्मवीर की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद आरोपी डरकर मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने वृहस्पतिवार को उसे बुलंदशहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मेडिकल परीक्षण के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक नशा, गलत हरकत और गुस्से ने मिलकर रिश्तों की मर्यादा तोड़ दी और एक परिवार उजड़ गया। इस खुलासे के बाद इलाके में सनसनी बनी हुई है।

Exit mobile version