हिमालय प्रहरी

नैनीताल: अब फास्टैग से कटेगा नगर पालिका का टोल टैक्स; जाम से मिलेगी राहत, सिस्टम में आएगी पारदर्शिता

खबर शेयर करें -

नैनीताल: सरोवर नगरी में नगर पालिका द्वारा वसूले जाने वाले टोल शुल्क की प्रक्रिया अब पूरी तरह हाईटेक होने जा रही है। पिछले एक साल से मैन्युअल तरीके से चल रही टोल वसूली को अब फास्टैग (FASTag) सिस्टम से जोड़ा जाएगा। इसके लिए पालिका ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से अनुमति मांगी है। उम्मीद जताई जा रही है कि अगले एक माह के भीतर शहर के सभी प्रवेश द्वारों— तल्लीताल लेक ब्रिज चुंगी, बारापत्थर और फांसी गधेरा टोल बूथों पर यह व्यवस्था शुरू हो जाएगी।

पर्यटन सीजन में जाम से मिलेगी मुक्ति

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए नगर पालिका को इसे प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में टोल बूथों पर नकद भुगतान के कारण वाहनों की लंबी कतारें लगती हैं, जिससे शहर में जाम की स्थिति पैदा हो जाती है। फास्टैग लागू होने से वाहनों के बूथ पर पहुंचते ही शुल्क स्वतः कट जाएगा और गेट खुल जाएंगे, जिससे समय की बचत होगी। साथ ही, वसूली गई रकम सीधे पालिका के बैंक खाते में जमा होगी, जिससे राजस्व वसूली में पूरी पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

पास धारकों और सरकारी वाहनों को मिलेगी विशेष सुविधा

ईओ रोहिताश शर्मा के अनुसार, फास्टैग सिस्टम में उन स्थानीय वाहनों का डेटा पहले ही फीड कर दिया जाएगा जिनके पास नगर पालिका से बने हुए हैं। ऐसे वाहनों और सरकारी गाड़ियों के टोल बूथ पर पहुँचते ही सिस्टम उन्हें पहचान लेगा और उनके खाते से ‘शून्य शुल्क’ कटने का नोटिफिकेशन देते हुए गेट अपने आप खुल जाएगा। पालिका वर्तमान में एचडीएफसी (HDFC) बैंक के साथ मिलकर इस तकनीकी ढांचे को तैयार करने में जुटी है, जिससे पर्यटकों और स्थानीय निवासियों दोनों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

Exit mobile version