काशीपुर। चुनाव के ऐन वक्त पर क्षत्रिय समाज की नाराजगी को भांपते हुए भाजपा नेता बलराज पासी ने अपने समर्थकों के साथ छतरी चौराहे पर पहुंच महाराणा प्रताप सिंह की मूर्ति की साफ सफाई करवाई तथा अपने हाथों से उनकी मूर्ति को माल्यार्पण किया।
बताते चलें कि विगत दिनों भाजपा नेता बलराज पासी द्वारा नगर में निकाले गए रोड शो के दौरान मुख्य चौराहे पर स्थित महाराणा प्रताप की मूर्ति पर माल्यार्पण किया था। इस दौरान वह जूते पहने हुए ही मूर्ति पर चढ़ गए थे। जो कि पूरे नगर में काफी चर्चा का विषय बना रहा। नगर में क्षत्रिय समाज ने भी इसे मेवाड़ केसरी महाराणा प्रताप का अपमान बताते हुए काफी आक्रोश व्यक्त किया और कोतवाली में तहरीर देकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी उक्त मामला मीडिया में प्रसारित होने के बाद जब नेता जी को अपनी गलती का एहसास हुआ तो वह तुरंत अपने समर्थकों के संग छतरी चौराहा पहुंचे तथा महाराणा प्रताप सिंह की मूर्ति की साफ सफाई करवाई और उक्त स्थल को फूल मालाओं के साथ सजाया गया। जिसके बाद भाजपा नेता बलराज पासी ने नंगे पांव मूर्ति पर चढ़कर उनका माल्यार्पण करते हुए छत्रिय महाराणा प्रताप सिंह जी का जयकारा लगा कर उद्घोष किया।