उत्तराखंड के इस जिले में प्रशासन की ओर से रात क कर्फ्यू लगा गया है। जिले के 24 गांवों में कर्फ्यू को सख्ती लागू किया जा रहा है। लोगों की जान बचाने को प्रशासन ने कर्फ्यू लगाया है।
पौड़ी जिले के जिम कॉर्बेट पार्क से लगे रिखणीखाल और धुमाकोट क्षेत्र में आदमखोर बाघ के हमलों को देखते हुए डीएम ने 24 गांवों में अगले आदेश तक रात का कर्फ्यू लगा दिया है। डीएम ने तहसीलदार रिखणीखाल को प्रभावित गांवों की सूची बनाने और अगले आदेश तक गांवों में ही रहने का आदेश दिया है।
डीएम के आदेश के मुताबिक, रात्रि कर्फ्यू वाले गांवों में शाम 7 से सुबह 6 बजे तक आवाजाही बंद रहेगी। पशुपालकों को चारा उपलब्ध कराने के लिए पशुपालन विभाग को निर्देश दिए हैं। रात के समय स्थानीय लोगों को अनावश्यक घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। डीएम ने क्षेत्र में स्थिति सामान्य होने तक धारा 144 जारी रखने के भी निर्देश दिए हैं।
स्कूल, आंगनबाड़ी भी बंद: बाघ के हमलों के बाद क्षेत्र के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद कर दिए गए थे। ताजा आदेश के मुताबिक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र मंगलवार तक बंद रहेंगे। उधर, डीएम डॉ.आशीष चौहान ने दुगड्डा में बैठक लेकर डीएफओ को क्षेत्र में पिंजरों की संख्या बढ़ाने, कैमरा ट्रैप और 10 किमी परिधि का जीपीएस मैप तैयार करने को कहा।
सरकारी महकमों के क्षेत्रीय कर्मचारियों को भी टीम बनाकर सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम के निर्देश के बाद डल्ला गांव के आसपास दो ट्रैंकुलाइजर टीम, 15 पीआरडी जवान पुलिस के साथ, फॉरेस्ट गार्ड, राजस्व विभाग के अधिकारी भी ग्रामीणों की सुरक्षा एवं अन्य सहायता के लिए मुस्तेद किए गए हैं।
हफ्ते भर में दो लोगों की जान ली
रिखणीखाल और धुमाकोट क्षेत्र में सक्रिय आदमखोर बाघ ने एक हफ्ते के भीतर दो लोगों की जान ले ली है। बीते गुरुवार को कालागढ़ टाइगर रिजर्व की सीमा से सटे डल्ला गांव में एक व्यक्ति को बाघ ने मार डाला था। इसके बाद नैनीडांडा ब्लॉक के भैड़गांव (सिमली) में शनिवार को बाघ ने सेवानिवृत्त शिक्षक की जान ले ली थी।
पिथौरागढ़ में भी लगा था रात का कर्फ्यू
आशीष चौहान इससे पहले पिथौरागढ़ में भी गुलदार के आतंक के कारण रात का कर्फ्यू लगा चुके हैं। सितंबर 2021 में नगर के बजेटी वार्ड में गुलदार ने एक बच्ची को मार डाला था। इसके बाद चौहान ने वार्ड में रात का कर्फ्यू लगा दिया था। इस अवधि में शाम छह बजे के बाद लोगों के घर से बाहर निकलने पर रोक थी।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें