नैनीताल: प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 नजदीक हैं. ऐसे में कई नेता माननीय बनने के सपने संजोए हुए हैं. वहीं नैनीताल विधानसभा सीट पर एक अनार सौ बीमार वाली कहावत सही साबित हो रही है. यहां से कांग्रेस पार्टी से विधायक का टिकट मांग रहे हेम आर्य को कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने नोटिस भेजा है. हेम आर्य को चेतावनी दी गई है कि अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई कर दी जाएगी.
नैनीताल विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी हेम आर्य को कांग्रेस जिला अध्यक्ष सतीश नैनवाल ने नोटिस जारी कर अनुशासन में रहने की हिदायत दी है. नोटिस के द्वारा जिला अध्यक्ष का कहना है कि हेम आर्य लगातार मीडिया के माध्यम से टिकट की मांग को लेकर अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं. लिहाजा हेम अनुशासन में रहकर अपनी बात संगठन के उच्च पदाधिकारियों के सामने रखें. अन्यथा हेम आर्य के खिलाफ अनुशासनहीनता के मामले में कार्रवाई की जाएगी.
बताते चलें कि हेम आर्य नैनीताल विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर विधायक के प्रबल दावेदार माने जा रहे थे. लेकिन भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए निवर्तमान विधायक संजीव आर्य के कांग्रेस में आने के बाद कांग्रेस नेता हेम आर्य को अपना टिकट खतरे में नजर आने लगा. जिसके बाद हेम आर्य टिकट न मिलने पर अन्य पार्टी से चुनाव लड़ने की बात कह रहे हैं. संगठन द्वारा इस बात को गंभीरता से लिया गया है.
बाता दें कि विधानसभा चुनाव 2022 में कांग्रेस से टिकट के उम्मीदवारों के बीच संग्राम मचा हुआ है. नैनीताल विधानसभा सीट से कांग्रेस से विधायक बनने का सपना देख रहे कई प्रत्याशी अब आमने-सामने आ गए हैं. टिकट की मांग करते हुए नैनीताल से पूर्व विधायक व महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य, कांग्रेस में शामिल हुए विधायक संजीव आर्य समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हेम आर्य ने अपनी दावेदारी पेश की है.
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें