हिमालय प्रहरी

उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में अब मुफ़्त होंगी सभी जांचें: धामी सरकार का बड़ा फैसला, रोजाना 15 हजार मरीजों को मिलेगा फायदा

खबर शेयर करें -

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव से पूर्व उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार प्रदेशवासियों को एक बड़ी राहत देने की तैयारी में है। राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों में अब हर प्रकार की पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी जांचें पूरी तरह से निशुल्क की जाएंगी। वर्तमान में सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में रोजाना आने वाले औसतन 50 हजार मरीजों में से करीब 15 हजार मरीजों को विभिन्न जांचों से गुजरना पड़ता है, जिसके लिए उन्हें तय शुल्क चुकाना पड़ता है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों का जांचों पर होने वाला 500 से 1000 रुपये तक का खर्च पूरी तरह बच जाएगा।

प्रदेश के 5 मेडिकल कॉलेज और 95 CHC तक पहुंचेगी सुविधा

स्वास्थ्य विभाग की इस महत्वाकांक्षी योजना का दायरा प्रदेश के 5 सरकारी मेडिकल कॉलेजों, 13 जिला अस्पतालों और 95 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) तक रहेगा। उत्तराखंड के सरकारी चिकित्सा संस्थानों में 200 से अधिक प्रकार की पैथोलॉजिकल जांचें उपलब्ध हैं। वर्तमान में हालांकि जिला व उप-जिला स्तर पर निजी लैबों के सहयोग से कुछ मुफ्त जांच काउंटर संचालित हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में अधिकांश मरीज शुल्क देकर ही जांच करवाते थे। अब सभी इन-हाउस जांचों को पूर्णतः निशुल्क कर इस प्रक्रिया को पारदर्शी और सुलभ बनाया जा रहा है।

जल्द होगा योजना का औपचारिक ऐलान: स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल

प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने बताया कि आम जनता और मरीजों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से सरकारी मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों में इन-हाउस जांच निशुल्क करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही इस योजना का औपचारिक ऐलान करेगी, जिससे हर दिन औसतन 15 हजार मरीजों को सीधा लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।

Exit mobile version