
मुख्यमंत्री से मिले महापौर दीपक बाली, तीन बड़ी विकास परियोजनाओं के शिलान्यास का दिया न्योता; गिरीताल के सौंदर्यीकरण और प्रशासनिक ब्लॉक को जल्द वित्तीय स्वीकृति देने की उठाई मांग
राजू अनेजा, काशीपुर। बरसात में जलभराव से जूझते काशीपुर के लिए राहत की बड़ी खबर है। शहर की जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रस्तावित 800 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी ड्रेनेज प्लान को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंजूरी दे दी है। इस महत्वपूर्ण योजना की स्वीकृति पर आभार जताने के लिए महापौर दीपक बाली देहरादून पहुंचे और मुख्यमंत्री से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने काशीपुर के विकास से जुड़ी तीन बड़ी परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए मुख्यमंत्री को शहर आने का निमंत्रण भी दिया।
महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि 800 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान काशीपुर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। शहर में बारिश के दौरान जगह-जगह होने वाले जलभराव और जलनिकासी की पुरानी समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में यह योजना अहम कदम है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उनके द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों को गंभीरता से सुना और धनराशि अवमुक्त करने के संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए।
तीन बड़ी परियोजनाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान महापौर ने 49 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और 32 करोड़ रुपये की लागत से गिरीताल झील के सौंदर्यीकरण की परियोजनाओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने इन दोनों परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति देने पर मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए जल्द वित्तीय स्वीकृति जारी करने का अनुरोध किया, ताकि निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ सके।
महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को 800 करोड़ के ड्रेनेज प्लान, एकीकृत प्रशासनिक ब्लॉक और गिरीताल सौंदर्यीकरण सहित तीनों महत्वपूर्ण परियोजनाओं का अपने कर-कमलों से शिलान्यास करने के लिए काशीपुर आने का निमंत्रण दिया।
भू-उपयोग शुल्क कम करने का भी मिला आश्वासन
बैठक में महापौर ने आम नागरिकों और भवन स्वामियों पर पड़ रहे आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाते हुए भू-उपयोग उच्चीकरण शुल्क में कमी करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि वर्तमान शुल्क के कारण लोगों को आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने शुल्क कम करने का आश्वासन दिया।
मास्टर प्लान और एनडीपीएस कोर्ट की भी उठाई मांग
महापौर ने काशीपुर के मास्टर प्लान को शीघ्र लागू करने की मांग करते हुए कहा कि शहर के व्यवस्थित और नियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान का धरातल पर उतरना जरूरी है। इसके अलावा काशीपुर बार एसोसिएशन की मांग का समर्थन करते हुए शहर में विशेष एनडीपीएस न्यायालय की स्थापना का आग्रह भी मुख्यमंत्री से किया। उन्होंने कहा कि इससे संबंधित मामलों के निस्तारण में सुविधा मिलेगी और न्यायिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
महापौर दीपक बाली ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और मार्गदर्शन में काशीपुर को विकसित, सुव्यवस्थित और आधुनिक शहर बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। 800 करोड़ रुपये का ड्रेनेज प्लान शहर की जलनिकासी व्यवस्था को नई मजबूती देगा, वहीं प्रशासनिक ब्लॉक और गिरीताल का सौंदर्यीकरण शहर के विकास में नए आयाम जोड़ेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन परियोजनाओं को जल्द वित्तीय स्वीकृति मिलने के साथ ही निर्माण कार्यों का रास्ता भी खुलेगा।
अपने मोबाइल पर ताज़ा अपडेट पाने के लिए -
👉 हमारे व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करें